UP Politics: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा को लेकर अब एक नया खुलासा हुआ है। कथा के आयोजक और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बताया है कि उन्होंने खुद कार चलाकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को प्रयागराज एयरपोर्ट से कथा स्थल तक क्यों पहुंचाया था। राजा भैया ने कहा कि वह चाहते तो बाबा बागेश्वर को हेलीकॉप्टर से भी कुंडा ला सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। वह खुद कार लेकर एयरपोर्ट पहुंचे, क्योंकि वह देखना चाहते थे कि आखिर उन्हें रोकने वाला कौन है?
दरअसल, 16 नवंबर की शाम धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से राजा भैया खुद उन्हें अपनी कार में बैठाकर कुंडा स्थित योगीराज देवरहा बाबा मंडपम लेकर आए थे। इस दौरान राजा भैया ने खुद गाड़ी की कमान संभाली थी और बाबा बागेश्वर के सारथी बने थे।
‘बागेश्वर बाबा को यूपी में घुसने नहीं देंगे’, राजा भैया ने बताई पूरी बात
राजा भैया ने कहा कि उस समय ऐसी बातें कही जा रही थीं कि बागेश्वर बाबा को उत्तर प्रदेश में घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर ये बातें उनके लिए कही गई होतीं तो शायद वह आज इस तरह खुलकर बात नहीं करते। लेकिन जब बाबा बागेश्वर को लेकर इस तरह की बातें सामने आईं तो उन्होंने खुद एयरपोर्ट जाने का फैसला किया।
राजा भैया ने बताया कि जब से श्रीराम कथा शुरू हुई थी, तब से हर दिन तीन से चार हेलीकॉप्टर के जरिए वीवीआईपी लोग कार्यक्रम में पहुंच रहे थे। अगर वह चाहते तो धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भी प्रयागराज से हेलीकॉप्टर के जरिए कुंडा ला सकते थे। लेकिन उनका मकसद यह देखना था कि आखिर रास्ते में उन्हें रोकने कौन आता है।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़क मार्ग से आने की जानकारी उन्होंने पुलिस प्रशासन को भी नहीं दी थी। इसके बावजूद रास्ते में उन्हें रोकने वाला कोई नहीं मिला और वह बाबा बागेश्वर को सुरक्षित कथा स्थल तक लेकर पहुंच गए।
राजा भैया बोले- हिंदुओं को एक होते नहीं देखना चाहते कुछ लोग
राजा भैया ने बाबा बागेश्वर का समर्थन करते हुए कहा कि कुछ लोगों को उनसे इसलिए परेशानी है, क्योंकि वह हिंदुओं को एकजुट करने और जाति-पाति का भेदभाव खत्म करने की बात करते हैं। उनके मुताबिक, कुछ लोग नहीं चाहते कि हिंदू समाज एक हो और समाज में फैली कुरीतियां दूर हों।
उन्होंने अंग्रेजों की नीति का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने ‘डिवाइड एंड रूल’ यानी बांटो और राज करो की नीति अपनाई थी। अंग्रेज तो देश छोड़कर चले गए, लेकिन आज भी कुछ राजनीतिक दल उसी तरीके से राजनीति कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसमें एक-दो अपवाद हो सकते हैं।
रामकथा के विरोध पर राजा भैया ने तोड़ी चुप्पी
कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर हुए विरोध पर राजा भैया अब तक ज्यादा कुछ बोलने से बचते रहे थे। लेकिन कथा के अंतिम दिन उन्होंने विरोध करने वालों पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर बात उनके ऊपर आती तो वह शायद चुप रह जाते, लेकिन जब मामला धर्म और भगवान राम की कथा से जुड़ा हो तो चुप रहना संभव नहीं है।
राजा भैया ने कहा कि जब यह कहा गया कि कुंडा में श्रीराम कथा नहीं होने दी जाएगी, तब देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने इसका जवाब दे दिया। कथा में उमड़ी भीड़ इसका प्रमाण है कि लोग भगवान राम की कथा सुनना चाहते हैं।
राजा भैया का सवाल- क्या भारत में रामकथा पर भी रोक लगेगी?
अपने बयान में राजा भैया ने विरोध करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि कोई भारत में यह कैसे कह सकता है कि यहां रामकथा नहीं होगी? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश है, जहां रामकथा आयोजित करने से रोका जाएगा?
राजा भैया के इस बयान के बाद कुंडा की श्रीराम कथा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गई है। धार्मिक आयोजन के दौरान बाबा बागेश्वर को लेकर उनका खुलकर सामने आना और विरोधियों को जवाब देना अब प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है।

