Priya Saroj Rinku Singh Marriage: क्रिकेट के मैदान पर अपने छक्कों से पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। रिंकू सिंह समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ 4 दिसंबर को शादी करने वाले हैं। दोनों की शादी लखनऊ के होटल रमाडा में होगी। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए परिवारों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में करीब 2000 से ज्यादा मेहमान शामिल हो सकते हैं। मेहमानों की सूची में देश की राजनीति, क्रिकेट और बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों के नाम शामिल हैं। निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला भी अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है।
करखियांव गांव में होंगी शादी से पहले की रस्में
प्रिया सरोज की शादी से पहले की रस्में उनके पैतृक गांव करखियांव स्थित घर पर होंगी। वहीं, रिंकू सिंह के परिवार में भी उनके पैतृक आवास पर विवाह से पहले के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रिया के पिता और केराकत से विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों परिवार अपनी-अपनी जगह पर शादी की पारंपरिक रस्में पूरी करेंगे।
2 दिसंबर को हल्दी और संगीत का कार्यक्रम रखा गया है। दोनों परिवार अपने-अपने घरों पर इन रस्मों को मनाएंगे। इसके बाद 4 दिसंबर को लखनऊ में शादी होगी। विवाह के बाद पैतृक आवास पर प्रीतिभोज भी रखा जाएगा, जिससे गांव और आसपास के लोग भी इस खुशी में शामिल हो सकेंगे।
बड़े नेताओं को भेजा गया न्योता
इस शादी की चर्चा सिर्फ क्रिकेट और राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि मेहमानों की लंबी लिस्ट भी लोगों का ध्यान खींच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को शादी का निमंत्रण भेजा गया है।
इसके अलावा क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को लेकर भी चर्चा है कि वह इस समारोह में शामिल हो सकते हैं। शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक भी हैं, जिस टीम से रिंकू सिंह का खास जुड़ाव रहा है। हालांकि, उनकी मौजूदगी को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
PM Modi से मिले Rinku Singh, इंस्टाग्राम पर शेयर की तस्वीर
रिंकू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण खुद दिया है। इसके लिए वह अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिले थे। मुलाकात की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए रिंकू ने लिखा कि प्रधानमंत्री से मिलना, उन्हें शादी का निमंत्रण देना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सम्मान की बात है।
रिंकू ने इस मुलाकात को अपने पूरे परिवार के लिए बेहद खास पल बताया। उनकी इस पोस्ट के बाद शादी को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
शादी के बाद अलीगढ़ में होगा आयोजन
लखनऊ में शादी के बाद रिंकू सिंह के गृहक्षेत्र अलीगढ़ में रिसेप्शन और प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा। वहीं, प्रिया सरोज के पैतृक आवास पर भी प्रीतिभोज रखा जाएगा। इससे उन लोगों को समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा जो लखनऊ नहीं पहुंच पाएंगे।
बता दें कि रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के लोकप्रिय खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। दोनों की सगाई के बाद से ही उनके प्रशंसक शादी की तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब 4 दिसंबर को दोनों की शादी होने जा रही है।

