UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर एक बार फिर बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दोनों विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उनके गठबंधन को ‘ठगबंधन’ बताया है।
25 नवंबर को लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस अपराधियों, गुंडों, भ्रष्ट लोगों और दंगाइयों का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की हालत पहले भी खराब थी और आगे भी इसमें कोई सुधार होने वाला नहीं है। मौर्य के मुताबिक बीजेपी को विपक्ष के इस गठबंधन से कोई खतरा नहीं है।
SP Congress Alliance: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस को घेरा
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। इसी बीच सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने पर केशव मौर्य ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह दोनों पार्टियों के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान को दिखाता है।
मौर्य ने कहा कि दोनों दलों के बीच ऐसी राजनीतिक नौटंकी होती रहती है और इससे बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। मसूद ने सपा की ओर से उनके खिलाफ उम्मीदवार उतारे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सपा किसके खिलाफ चुनाव लड़ रही है। इस पर मौर्य ने कहा कि उन्हें इस सवाल का जवाब राहुल गांधी से मांगना चाहिए।
BJP Third Term in UP: तीसरी बार सरकार बनाने का किया दावा
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समझदार है और वह बीजेपी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, दोनों ही स्थिति में बीजेपी की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को वोट देना मुसीबत को न्योता देने जैसा है, जबकि कांग्रेस को वोट देने से देश फिर पीछे चला जाएगा। मौर्य ने भरोसा जताया कि बीजेपी प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
Keshav Maurya on Muslim Politics: सपा पर तुष्टीकरण का आरोप
सपा की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में तीन मुस्लिम प्रत्याशी होने पर भी केशव मौर्य ने सवाल उठाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। मौर्य ने कहा कि सपा प्रदेश में फिर से दंगों का दौर और अपराधियों-माफियाओं का राज वापस लाना चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगामुक्त रहा है। साथ ही मतदाताओं से बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मौर्य ने कहा कि कमल का बटन दबाने से उत्तर प्रदेश सुरक्षित रहेगा। वहीं साइकिल का बटन दबाने से गुंडे, अपराधी और माफिया लोगों की जमीन पर कब्जा कर सकते हैं और महिलाओं को परेशान कर सकते हैं।
Akhilesh Yadav News: अयोध्या-मथुरा और जय श्रीराम पर भी कसा तंज
केशव मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पीडीए, अयोध्या और मथुरा के दौरों के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रवचनों से जुड़े विवाद को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा।
मौर्य ने अखिलेश यादव पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी नेता जय श्रीराम और जय श्रीकृष्ण का नारा लगाते हैं तो अखिलेश यादव को भी ऐसा करना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी का नारा है ‘राधे-राधे, कमल खिलाओ’ तो अखिलेश ‘राधे-राधे, साइकिल पंचर करो’ कह सकते हैं।

