जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी करते हुए तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। इस लिस्ट में सबसे चर्चित नाम पार्टी अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का है। वह एक बार फिर अपनी परंपरागत कुंडा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं, बाबागंज और विश्वनाथगंज सीट पर भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारकर सियासी समीकरण साधने की कोशिश की है।
राजा भैया फिर कुंडा से लड़ेंगे चुनाव, पहली लिस्ट में तीन नाम
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची में कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। पार्टी ने कुंडा से अपने अध्यक्ष राजा भैया को टिकट दिया है। वहीं, बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है। इसके अलावा विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। खासकर विश्वनाथगंज सीट पर कुलदीप पटेल की उम्मीदवारी को काफी अहम माना जा रहा है। कुलदीप पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल के पति हैं। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
कुंडा में राजा भैया का मजबूत रिकॉर्ड, पिछले चुनाव में मिले थे 99 हजार वोट
कुंडा विधानसभा सीट राजा भैया की राजनीतिक पहचान रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के चुनाव चिह्न आरी पर चुनाव लड़ा था और शानदार जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 99,612 वोट मिले थे।
वहीं, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार गुलशन यादव 69,297 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे। बीजेपी की सिंधुजा मिश्रा सेनानी को 16,455 वोट मिले थे और वह तीसरे नंबर पर रही थीं। इस बार भी राजा भैया इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में कुंडा का मुकाबला एक बार फिर चर्चा में रहने वाला है।
बाबागंज में विनोद सरोज पर दोबारा भरोसा, पिछले चुनाव में मिली थी जीत
बाबागंज विधानसभा सीट से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने मौजूदा विधायक विनोद सरोज को ही उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने उनके पुराने चुनावी प्रदर्शन को देखते हुए दोबारा मौका दिया है।
2022 के विधानसभा चुनाव में विनोद सरोज ने 67,282 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के गिरीश चंद्र को 51,515 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, बीजेपी के केशव प्रसाद 30,391 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे थे। अब पार्टी ने एक बार फिर विनोद सरोज को मैदान में उतारकर बाबागंज सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश की है।
विश्वनाथगंज में कुलदीप पटेल की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची में सबसे ज्यादा चर्चा विश्वनाथगंज विधानसभा सीट को लेकर हो रही है। यहां पार्टी ने कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इस सीट से फिलहाल अपना दल (सोनेलाल) के जीत लाल विधायक हैं।
जीत लाल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 86,829 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के सौरभ सिंह 38,777 वोटों के साथ दूसरे और संजय पांडेय 22,962 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल हैं और उनकी पार्टी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। अनुप्रिया पटेल केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में जनसत्ता दल की ओर से विश्वनाथगंज में उम्मीदवार उतारना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, इससे भविष्य में गठबंधन के समीकरणों पर क्या असर पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
पिछले चुनाव में 16 सीटों पर लड़ी थी पार्टी, दो पर मिली जीत
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली थी। अब 2027 के चुनाव से पहले पहली सूची जारी कर राजा भैया ने अपनी तैयारियों का संकेत दे दिया है। आने वाले दिनों में पार्टी की बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ यूपी की सियासत में नए समीकरण बन सकते हैं।

