UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रतापगढ़ की राजनीति में एक नया सियासी मोड़ आता दिख रहा है। बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने विश्वनाथगंज सीट से अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के उम्मीदवार के तौर पर कुलदीप पटेल के नाम का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के बाद सबसे ज्यादा चर्चा अपना दल (सोनेलाल) की नेता अनुप्रिया पटेल की हो रही है। इसकी वजह यह है कि विश्वनाथगंज सीट फिलहाल एनडीए में शामिल अपना दल (एस) के पास है और यहां से जीत लाल पटेल विधायक हैं। ऐसे में राजा भैया के इस दांव को अनुप्रिया पटेल के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।
राजा भैया का विश्वनाथगंज में नया सियासी दांव, कुलदीप पटेल को बनाया उम्मीदवार
अब तक जनसत्ता दल का चुनावी फोकस मुख्य रूप से कुंडा और बाबागंज सीटों तक ही सीमित रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने इन्हीं दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन इस बार राजा भैया ने विश्वनाथगंज में भी दांव खेलकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस सीट पर पटेल मतदाताओं की अच्छी संख्या है और अपना दल (एस) की राजनीति भी इसी वोट बैंक के इर्द-गिर्द मजबूत मानी जाती है। ऐसे में जनसत्ता दल ने भी पटेल चेहरा उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
अनुप्रिया पटेल और राजा भैया के बीच पुरानी बयानबाजी फिर चर्चा में
राजा भैया के इस फैसले को पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अनुप्रिया पटेल के साथ हुई जुबानी जंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। प्रतापगढ़ और आसपास के इलाकों में चुनाव प्रचार के दौरान अनुप्रिया पटेल ने बिना नाम लिए राजा भैया पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र में राजा किसी रानी के पेट से नहीं, बल्कि ईवीएम का बटन दबाने से पैदा होता है। उन्होंने यह भी कहा था कि अब स्वघोषित राजाओं का यह भ्रम तोड़ने का समय आ गया है कि कोई इलाका उनकी जागीर है।
राजा भैया ने भी दिया था जवाब, भाजपा को उठाना पड़ा नुकसान?
अनुप्रिया पटेल के इस बयान से क्षत्रिय समाज के एक हिस्से और कई क्षत्रिय संगठनों में नाराजगी देखने को मिली थी। इसके बाद राजा भैया ने भी पलटवार करते हुए कहा था कि ईवीएम से जनसेवक चुनकर आते हैं, राजा नहीं। उनका कहना था कि किसी का खुद को राजा समझना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।
लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान से ठीक पहले राजा भैया ने अपने समर्थकों को अपनी मर्जी से वोट देने की छूट दे दी थी। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इसका असर प्रतापगढ़ और कौशांबी के चुनावी नतीजों पर भी देखने को मिला, जहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की।
विश्वनाथगंज में पटेल बनाम पटेल की लड़ाई से बिगड़ सकता है समीकरण
विश्वनाथगंज में कुलदीप पटेल को उतारकर राजा भैया ने अपना दल (एस) के मजबूत माने जाने वाले पटेल वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है। यह मुकाबला सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की लड़ाई भी बन सकता है।
अगर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस भी अपने मजबूत उम्मीदवार उतारती हैं तो यहां मुकाबला त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय हो सकता है। ऐसी स्थिति में वोटों का बंटवारा जीत-हार का अंतर तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
विश्वनाथगंज विधानसभा सीट का जातीय समीकरण क्या कहता है?
प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण हमेशा से चुनावी नतीजों को प्रभावित करते रहे हैं। यहां कुर्मी यानी पटेल मतदाताओं की अच्छी संख्या है। इसके अलावा नोनिया, यादव और दूसरी पिछड़ी जातियों के मतदाता भी चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं।
अपना दल (एस) को अब तक पटेल और अन्य पिछड़े वर्गों का समर्थन मिलता रहा है। वहीं दलित और मुस्लिम मतदाताओं की मौजूदगी समाजवादी पार्टी और बसपा के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ब्राह्मण और ठाकुर मतदाता भी यहां चुनावी गणित को प्रभावित करते हैं। ऐसे में किसी एक जाति के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं है। उम्मीदवार की छवि, स्थानीय पकड़ और दूसरे दलों के साथ गठबंधन भी नतीजे तय कर सकते हैं।
विश्वनाथगंज सीट का चुनावी इतिहास, तीन बार से जीत रहा अपना दल
विश्वनाथगंज विधानसभा सीट साल 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। अब तक यहां चार चुनाव हो चुके हैं। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राजा राम ने बसपा की सिंधुजा मिश्रा को 9,187 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी।
राजा राम के निधन के बाद 2014 में इस सीट पर उपचुनाव हुआ। इसमें अपना दल के राकेश कुमार वर्मा उर्फ आरके वर्मा ने समाजवादी पार्टी के संजय पांडेय को हराकर सीट अपने नाम कर ली। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में भी आरके वर्मा ने जीत हासिल की।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने जीत लाल पटेल को मैदान में उतारा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के सौरभ सिंह को 48,052 वोटों के बड़े अंतर से हराकर लगातार तीसरी बार इस सीट पर अपना दल का कब्जा बरकरार रखा।
2027 में राजा भैया की रणनीति बिगाड़ेगी अनुप्रिया पटेल का खेल?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजा भैया विश्वनाथगंज में अपना दल (एस) के मजबूत चुनावी आधार को चुनौती दे पाएंगे? कुलदीप पटेल की उम्मीदवारी से मुकाबले में नया जातीय और राजनीतिक समीकरण बन सकता है। अगर जनसत्ता दल पटेल मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाने में सफल रहता है तो अनुप्रिया पटेल की पार्टी के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है।
हालांकि, चुनाव में अभी समय है और दूसरी पार्टियों के उम्मीदवारों का ऐलान होना भी बाकी है। लेकिन इतना तय है कि राजा भैया के इस एक फैसले ने प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विश्वनाथगंज की लड़ाई किसके पक्ष में जाती है और क्या राजा भैया का यह नया दांव अनुप्रिया पटेल के लिए बड़ी चुनौती साबित होता है।

