उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी एक बार फिर धार्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। शुक्रवार देर रात वह मथुरा के गोवर्धन पहुंचे, जहां उन्होंने गिरिराज महाराज की बड़ी परिक्रमा की। अनंत ने करीब 12 किलोमीटर की दूरी लगभग साढ़े चार घंटे में पूरी की। इस दौरान उनके चेहरे पर भक्ति और श्रद्धा का भाव नजर आया।
परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। कई जगह लोग उन्हें देखने के लिए जुटे रहे। अनंत अंबानी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ निजी सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी पूरे रास्ते मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने बिना रुके अपनी परिक्रमा पूरी की।
56 व्यंजनों का 280 किलो भोग लगाकर की पूजा-अर्चना
गोवर्धन पहुंचने के बाद अनंत अंबानी ने गिरिराज महाराज को विशेष भोग अर्पित किया। उन्होंने 56 तरह के व्यंजनों से तैयार करीब 280 किलो का भोग लगाया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गिरिराज महाराज की पूजा और परिक्रमा का ब्रज में विशेष महत्व है।
अनंत अंबानी शुक्रवार शाम आगरा एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से सड़क के रास्ते रात करीब आठ बजे गोवर्धन पहुंचे। परिक्रमा पूरी करने के बाद वह देर रात वहां से रवाना हो गए। उन्होंने एक ही बार बड़ी परिक्रमा की।
बोले- दादा-दादी की वजह से आज गोवर्धन आने का मौका मिला
परिक्रमा के बाद अनंत अंबानी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आज वह अपने दादा-दादी की वजह से यहां हैं। गोवर्धन पहुंचकर उन्हें जो आनंद और अनुभव मिला है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यहां आकर वह भावनाओं से भर गए। गोवर्धन की परिक्रमा से मन में एक अलग तरह की आध्यात्मिक अनुभूति होती है। ऐसा महसूस होता है जैसे हृदय भगवान श्रीकृष्ण और श्रीनाथजी से जुड़ रहा हो। अनंत ने ब्रजवासियों की गहरी आस्था और उनके प्रेमपूर्ण स्वागत की भी तारीफ की।
पीएम मोदी और देशवासियों के लिए अनंत अंबानी ने मांगी दुआ
अनंत अंबानी ने बताया कि उन्होंने गोवर्धन में देश की खुशहाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। उन्होंने देश के हर नागरिक के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि श्रीनाथजी की कृपा सभी पर बनी रहे।
इसके अलावा उन्होंने अपने परिवार और रिलायंस परिवार के लिए भी दुआ मांगी। अनंत ने भारत के सभी जीव-जंतुओं के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। उनका कहना था कि भगवान की कृपा हर जीव पर बनी रहनी चाहिए।
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम हुआ रद्द
गोवर्धन परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी गंगाधाम पहुंचे। यहां उनके रुकने की व्यवस्था की गई थी। कुछ देर बाद उनका काफिला वहां से रवाना हो गया। शनिवार को वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम तय था, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में भी कर चुके हैं एक करोड़ रुपये का दान
अनंत अंबानी की यह धार्मिक यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब इससे पहले सोमवार को उन्होंने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन किए थे। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया था।
अनंत अंबानी मुंबई से चार्टर विमान के जरिए वाराणसी पहुंचे थे। सोमवार शाम करीब 4:10 बजे उनका विमान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसके बाद वह विश्वनाथ धाम के वीआईपी गेट पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने उनकी तस्वीरें खींचीं और उनका अभिवादन किया।
मंदिर के वीआईपी लाउंज में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अनंत अंबानी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर के शिखर के दर्शन किए। काशी विश्वनाथ के बाद गोवर्धन पहुंचकर उनकी धार्मिक यात्रा एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

