Delimitation Bill: परिसीमन बिल पर क्यों भड़का विपक्ष? गिरिराज सिंह ने राहुल-अखिलेश को घेरा, 2029 महिला आरक्षण पर कही बड़ी बात

परिसीमन बिल को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि विपक्ष इस मुद्दे पर इतना विरोध क्यों कर रहा है? गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि जो लोग महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहते, वही इस प्रस्ताव को लेकर हंगामा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से महिलाओं को राजनीति में ज्यादा भागीदारी का मौका मिलेगा। ऐसे में राजनीतिक दलों को इसका समर्थन करना चाहिए। गिरिराज सिंह ने विपक्ष के विरोध को महिलाओं के अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि जनता को यह समझना चाहिए कि कौन उनके हक में खड़ा है और कौन विरोध कर रहा है।

40 लाख की आबादी वाले बेगूसराय का दिया उदाहरण

गिरिराज सिंह ने परिसीमन की जरूरत समझाने के लिए अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि जिले की आबादी करीब 40 लाख है, जबकि यहां 22 से 23 लाख मतदाता हैं। इतनी बड़ी आबादी के बीच सांसद के लिए हर गांव और हर व्यक्ति तक पहुंचना काफी मुश्किल होता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि उनका सांसद उनके गांव आए और उनकी समस्याएं सुने। लेकिन आबादी अधिक होने के कारण सभी जगह पहुंच पाना आसान नहीं है। इसी वजह से जनसंख्या के हिसाब से प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है।

इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां करीब 6.5 से 7 करोड़ की आबादी पर लगभग 700 सांसद हैं। उनके मुताबिक, भारत में भी जनसंख्या और प्रतिनिधित्व के बीच बेहतर संतुलन होना चाहिए।

लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के पक्ष में गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह मॉडल उत्तर भारत और दक्षिण भारत, दोनों के लिए अच्छा साबित होगा। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि सरकार का यह प्रस्ताव पास होकर रहेगा।

उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रस्ताव का विरोध करने वालों को महिला विरोधी माना जाएगा। उनके इस बयान के बाद परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

2029 में महिला आरक्षण लागू करने की मांग, बीजेपी नेता ने विपक्ष को घेरा

बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव देश के लिए अच्छा है। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए।

तिवारी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं को मिलने वाले राजनीतिक अधिकारों के रास्ते में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी इस मुद्दे पर विपक्ष से जवाब चाहती है। उनके मुताबिक, महिलाओं को संसद में ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

राहुल गांधी, तेजस्वी और अखिलेश पर मृत्युंजय तिवारी का तंज

मृत्युंजय तिवारी ने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को परिसीमन बिल पर सवाल उठाने से पहले अपने गठबंधन की अंदरूनी खींचतान पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं को पहले अपना राजनीतिक कुनबा संभालना चाहिए। तिवारी ने यह भी दावा किया कि विपक्ष के कई सांसद बिल का समर्थन करने के पक्ष में हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि संसद में यह प्रस्ताव दो तिहाई बहुमत से पारित होगा।

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पर होगी आर-पार की लड़ाई?

परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों की अपनी आपत्तियां हैं। विपक्ष का सवाल है कि परिसीमन की प्रक्रिया कैसे होगी, अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व किस तरह तय किया जाएगा और इसके पीछे सरकार की मंशा क्या है?

अब 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस और तेज हो सकती है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि सरकार विपक्ष की आपत्तियों का किस तरह जवाब देती है और इस मुद्दे पर संसद में क्या रुख सामने आता है।

Spread the love

Leave a Reply