उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जूनियर छात्रों के साथ कथित तौर पर रैगिंग किए जाने के मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 38 MBBS छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट और सिफारिश के बाद सभी को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान आरोपी छात्र न तो क्लास में जा सकेंगे और न ही हॉस्टल में रह पाएंगे।
MBBS के 38 छात्रों पर कार्रवाई, जुर्माना भी लगा
कार्रवाई की जद में 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र आए हैं। जांच के दौरान पता चला कि 2025 बैच के दो जूनियर छात्र भी अपने सीनियर की रैगिंग में मदद कर रहे थे। कमेटी ने इन दोनों को भी दोषी माना है। प्रशासन ने हर आरोपी छात्र पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति रोकने का फैसला किया गया है।
यह कार्रवाई 16 नवंबर को सामने आए एक वायरल वीडियो के बाद की गई है। वीडियो में MBBS प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ ऐसा व्यवहार होता दिखाई दिया था, जिसे रैगिंग से जोड़कर देखा गया।
कतार में खड़े जूनियर, सीनियर को देखते ही बोलते थे प्रणाम
वायरल वीडियो में प्रथम वर्ष के छात्र कतार में खड़े नजर आ रहे थे। सभी ने सिर झुका रखा था। जैसे ही कोई सीनियर छात्र उनके सामने से गुजरता, जूनियर छात्र तेज आवाज में ‘प्रणाम महोदय जी’ बोलने लगते थे। इसी तरह कतार में खड़ी छात्राएं भी सीनियर छात्राओं को देखकर ‘प्रणाम मैडम जी’ कहती दिखाई दे रही थीं।
वीडियो में जूनियर छात्रों के चेहरे पर डर और घबराहट साफ नजर आ रही थी। वे सिर झुकाकर चुपचाप खड़े थे। वहीं, कुछ सीनियर छात्र उन्हें डांटते और निर्देश देते दिखाई दिए। इस दौरान आसपास सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। कुछ सुरक्षाकर्मी अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई और एंटी रैगिंग कमेटी ने दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की।
रैगिंग करने वालों को नहीं मिलेगी छूट: KGMU प्रशासन
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने साफ कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या उनका अपमान करने वाली किसी भी घटना पर यूनिवर्सिटी सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी छिपाएं नहीं और तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी या यूनिवर्सिटी प्रशासन को इसकी सूचना दें।
KGMU की डॉक्टरों की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता अवॉर्ड
एक तरफ यूनिवर्सिटी रैगिंग के मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ KGMU के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विभाग की टीम ने केरल के कोवलम में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स के 73वें राष्ट्रीय सम्मेलन में सिमुलेशन प्रतियोगिता का बेस्ट क्रिटिकल केस अवॉर्ड जीता है।
इस प्रतियोगिता में देशभर की 42 टीमों ने हिस्सा लिया था। उनके प्रदर्शन का आकलन करने के बाद सिर्फ 10 टीमों को चुना गया। KGMU की टीम ने इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किया।
गंभीर मरीजों को संभालने की क्षमता का दिखाया दम
विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका कोहली के मार्गदर्शन में टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें डॉ. प्रेम राज सिंह, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. नील कमल मिश्रा और डॉ. वंदना भारती शामिल रहीं।
टीम ने गंभीर मरीजों से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों का सिमुलेशन किया। डॉक्टरों ने दिखाया कि मुश्किल हालात में मरीज की स्थिति को कैसे जल्दी समझा जाए, समय रहते सही फैसला कैसे लिया जाए और पूरी टीम के तालमेल से आपात स्थिति को कैसे संभाला जाए। इस प्रदर्शन के लिए KGMU की टीम को राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया गया।

