You are currently viewing UP News: 1594 युवाओं को नौकरी देते ही अखिलेश पर बरसे योगी, बोले- ‘अपनी चार सरकारों का हिसाब भी दीजिए’

UP News: 1594 युवाओं को नौकरी देते ही अखिलेश पर बरसे योगी, बोले- ‘अपनी चार सरकारों का हिसाब भी दीजिए’

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। यूपीएसएसएससी के माध्यम से नवचयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सीएम योगी ने पिछली सरकारों की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने सपा नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियों में ईमानदारी नहीं, बल्कि भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार चलता था।

CM योगी ने ‘मुन्ना भाई गैंग’ का किया जिक्र, सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल वह लखनऊ में ‘मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना’ का बयान पढ़ रहे थे।

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया इतनी खराब थी कि नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय योग्य उम्मीदवारों के बजाय सिफारिश और पैसे के दम पर नौकरियां मिलती थीं।

योगी ने एक टॉपर का उदाहरण देते हुए कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में तीसरी श्रेणी से पास होने वाले व्यक्ति को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में टॉप करा दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज की भर्ती व्यवस्था में युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

सैफई सिंडिकेट पर योगी का तंज, बोले- नियुक्ति पत्र गिनते रह जाएंगे

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार में हुए रोजगार कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हो गई है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। सपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की नियुक्तियों की रफ्तार देखकर सैफई सिंडिकेट गिनती करते-करते थक जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां नोट गिनने के अलावा और कुछ नहीं गिना जाता।

अखिलेश यादव के 30 लाख नौकरी वाले वादे पर CM योगी का पलटवार

समाजवादी पार्टी की ओर से 30 लाख युवाओं को नौकरी देने के वादे पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज युवाओं को नौकरी देने की बात कर रहा है, लेकिन जब सपा सत्ता में थी, तब उसने कितने युवाओं को रोजगार दिया?

योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव से उनकी चार सरकारों के दौरान दिए गए नियुक्ति पत्रों का हिसाब मांगा। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश जी को गिनती आती हो तो उनकी सरकार अब तक 10 लाख नियुक्ति पत्र बांट चुकी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल भविष्य के वादे करने से काम नहीं चलेगा, पुराने कार्यकाल का हिसाब भी देना होगा।

गोमती रिवर फ्रंट परियोजना पर 1400 करोड़ खर्च का आरोप

सीएम योगी ने पिछली सरकार के दौरान गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए 167 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था, लेकिन खर्च 1400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और इसके बाद भी परियोजना अधूरी रही।

उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में सामने आया कि कई बड़े फैसले मौखिक आदेशों पर लिए गए थे। निचले स्तर के कर्मचारियों को जेल जाना पड़ा, जबकि बड़े लोग इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्तियां बनाकर रह रहे हैं।

सपा सरकार में गुंडागर्दी का आरोप, नोएडा को बताया निवेश का केंद्र

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पेशेवर गुंडों को संरक्षण मिलता था और निवेशकों के सामने सुरक्षा का संकट रहता था।

योगी ने कहा कि आज नोएडा और ग्रेटर नोएडा निवेश के बड़े केंद्र बन गए हैं। उनकी सरकार ने सख्ती के साथ काम किया और चार लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा और बम बनते थे, लेकिन अब लखनऊ में दुनिया की बेहतरीन मिसाइलें बन रही हैं।

नियुक्ति पाने वाले युवाओं को CM योगी की नसीहत

कार्यक्रम के आखिर में मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

सीएम ने ऑडिटर और अकाउंटेंट को खास तौर पर समझाया कि अगर कोई अधिकारी या सरकार गलत काम करने के लिए कहे तो उसे साफ मना कर दें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं पर कोई एहसान नहीं कर रही, बल्कि उनके परिश्रम का सम्मान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि अब उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश में ही उन्हें बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अभी रुकना नहीं है, यह तो सिर्फ शुरुआत है।

Spread the love

Leave a Reply