You are currently viewing UP Freebies Report: यूपी में मुफ्त योजनाओं पर खर्च राष्ट्रीय औसत से कम, जानिए कौन सा राज्य है नंबर-1

UP Freebies Report: यूपी में मुफ्त योजनाओं पर खर्च राष्ट्रीय औसत से कम, जानिए कौन सा राज्य है नंबर-1

UP Freebies Report: उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और इसका बजट भी करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इसके बावजूद मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में यूपी काफी पीछे है।

एक तुलनात्मक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मुफ्त योजनाओं पर हर व्यक्ति के हिसाब से सिर्फ 1,188 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, देश के 29 राज्यों का औसत 4,805 रुपये है। यानी यूपी में प्रति व्यक्ति खर्च राष्ट्रीय औसत के मुकाबले काफी कम है।

भारत राज्य डॉट कॉम की ‘स्टेट वर्सेज स्टेट : द फ्रीबी मीटर’ रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। हालांकि, कुल खर्च के मामले में उत्तर प्रदेश 28,456 करोड़ रुपये के साथ देश में नौवें स्थान पर है।

महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश मुफ्त खर्च में सबसे आगे

मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर कुल खर्च के मामले में महाराष्ट्र ने सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र में इन योजनाओं पर 82,604 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इस सूची में कर्नाटक 77,321 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और मध्य प्रदेश 67,571 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, तमिलनाडु 67,026 करोड़ और पश्चिम बंगाल 57,464 करोड़ रुपये खर्च कर क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।

राजस्थान में मुफ्त योजनाओं पर 35,042 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। इसके बाद तेलंगाना 33,553 करोड़ और आंध्र प्रदेश 31,262 करोड़ रुपये के साथ सातवें और आठवें स्थान पर हैं।

बिहार से थोड़ा आगे है उत्तर प्रदेश

रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, मुफ्त सुविधाओं पर खर्च करने वाले राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश नौवें स्थान पर है। प्रदेश में कुल 28,456 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, बिहार में 27,395 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं और वह दसवें नंबर पर है।

इस तरह कुल खर्च के मामले में यूपी बिहार से आगे है, लेकिन महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से काफी पीछे है।

छोटे राज्यों का मुफ्त योजनाओं पर कितना खर्च?

मुफ्त सुविधाओं पर खर्च के मामले में कुछ छोटे राज्य भी अच्छी-खासी रकम खर्च कर रहे हैं। गोवा में 5,949 करोड़ रुपये, हिमाचल प्रदेश में 2,640 करोड़, मिजोरम में 1,524 करोड़ और सिक्किम में 1,261 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मेघालय जैसे राज्यों में मुफ्त सुविधाओं पर होने वाला कुल खर्च यूपी से कम है। इससे साफ है कि राज्यों के बीच मुफ्त योजनाओं पर खर्च का अंतर काफी बड़ा है।

यूपी में बिजली और पानी की सब्सिडी पर सबसे ज्यादा पैसा

उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं के कुल खर्च को देखें तो सबसे ज्यादा रकम बिजली और पानी की रियायतों पर खर्च हो रही है। इन दोनों मदों में सरकार 19,765 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

इस रकम में करीब 88 प्रतिशत हिस्सा ऊर्जा विभाग की बिजली सब्सिडी का है। वहीं, आठ प्रतिशत मुफ्त कृषि बिजली और चार प्रतिशत सिंचाई के पानी पर दी जाने वाली छूट पर खर्च होता है।

बिजली-पानी की सब्सिडी में यूपी पांचवें स्थान पर

बिजली और पानी पर सब्सिडी देने वाले राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश पांचवें नंबर पर है। इस मामले में राजस्थान 32,599 करोड़ रुपये खर्च करके पहले स्थान पर है। कर्नाटक 30,312 करोड़ रुपये के साथ दूसरे, मध्य प्रदेश 26,649 करोड़ के साथ तीसरे और महाराष्ट्र 20,197 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर है।

यूपी के इन आंकड़ों से पता चलता है कि प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं पर होने वाले खर्च का बड़ा हिस्सा बिजली और पानी से जुड़ी रियायतों में जा रहा है। वहीं, प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में प्रदेश अभी भी राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे है।

Spread the love

Leave a Reply