You are currently viewing UP Politics: यूपी में बढ़ेंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें? केशव मौर्य ने बताया 120 सांसदों का गणित, अखिलेश-राहुल से की बड़ी अपील

UP Politics: यूपी में बढ़ेंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें? केशव मौर्य ने बताया 120 सांसदों का गणित, अखिलेश-राहुल से की बड़ी अपील

UP Politics: महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय कैबिनेट की ओर से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद बीजेपी नेताओं ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने इस फैसले को लेकर अपनी बात रखी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को लंबे समय से संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिलने का इंतजार था। अब महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की तरफ से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हैं।

परिसीमन बिल से यूपी की राजनीति में बदल सकता है सीटों का गणित

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या बढ़ने का दावा किया। उन्होंने बताया कि 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी की बात कही गई है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में मौजूदा 80 लोकसभा सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं।

इतना ही नहीं, विधानसभा सीटों की संख्या में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौर्य के मुताबिक, यूपी में अभी 403 विधानसभा सीटें हैं, जो बढ़कर लगभग 605 हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि देश के दूसरे राज्यों में भी इसी अनुपात में सीटें बढ़ाई जाएंगी। इन सीटों में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने का प्रावधान होगा।

सपा और कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकार रोकने का आरोप

केशव प्रसाद मौर्य ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग होती रही, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस दिशा में बाधा डालने का काम किया।

उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 का जिक्र करते हुए कहा कि जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी और संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, तब कुछ दलों ने विरोध किया। मौर्य ने कहा कि देश की महिलाएं ऐसे राजनीतिक दलों के रवैये को याद रखेंगी।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव से बिल का समर्थन करने की अपील

केशव मौर्य ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से अपील की कि वे महिला आरक्षण और परिसीमन बिल का विरोध न करें। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश और लोकतंत्र के हित से जुड़ा विषय है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दूसरे राजनीतिक दल भी इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे, जिससे महिला आरक्षण बिल को पास कराने का रास्ता आसान हो सकेगा।

ब्रजेश पाठक बोले- 2029 तक लागू करने की तैयारी

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने महिलाओं के लिए आरक्षण का रास्ता खोला है और कैबिनेट ने इसे 2029 तक लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उनके मुताबिक, इस बिल के लागू होने से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के अधिकारों के लिए खड़े हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दोनों दल महिलाओं के हक की बात करते हैं, लेकिन उनके अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं हैं।

सपा पर महिलाओं के हितों की अनदेखी का आरोप

ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा महिलाओं के हितों की बात करने के बावजूद गुंडे-माफिया का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के हक और अधिकारों के लिए लगातार लड़ती रहेगी।

पाठक ने कहा कि जिस दिन महिला आरक्षण बिल पास होगा, उस दिन देश और उत्तर प्रदेश में खुशियां मनाई जाएंगी। सरकार का दावा है कि इस फैसले से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply