You are currently viewing UP Politics: अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान! सपा सरकार बनने पर खिलाड़ियों और कलाकारों को मिलेगी 21 लाख रुपये की सम्मान राशि

UP Politics: अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान! सपा सरकार बनने पर खिलाड़ियों और कलाकारों को मिलेगी 21 लाख रुपये की सम्मान राशि

UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार के विकास कार्यों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

खेल बजट बढ़ाने और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव का वादा

अखिलेश यादव ने खेलों को लेकर हुई बैठक और उसमें लिए गए फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी प्रस्तावों को आगामी चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेलों के लिए जितना बजट होना चाहिए, उतना अभी नहीं है। सपा प्रमुख ने खेलों के समग्र ढांचे में बदलाव करने की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर खेल और खिलाड़ियों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के बास्केटबॉल खेलने पर अखिलेश यादव का तंज

बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के बास्केटबॉल खेलने का एक वीडियो देखने का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वीडियो में मुख्यमंत्री की बॉल बास्केट में नहीं जा रही थी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर बुलडोजर लेकर जाते तो शायद बॉल चली जाती और उन्हें भी आराम मिल जाता। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी गांवों से खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें आगे बढ़ाने का काम करेगी।

रवि किशन के वायरल वीडियो पर अखिलेश यादव की भोजपुरी में प्रतिक्रिया

गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक पार्षद से बातचीत के दौरान भोजपुरी में पूछते नजर आ रहे हैं कि क्या उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। दरअसल, पार्षद ने उनसे नालियों में पानी भरने और जगह-जगह जलभराव की समस्या को लेकर सवाल किया था।

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भोजपुरी में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मेंबर बनी अब त सरकार बनी।” इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी नेताओं द्वारा गांव गोद लेने के बाद उन्हें अनाथ छोड़ देने का आरोप लगाया।

गोरखपुर के विकास और गांव गोद लेने की योजना पर सवाल

अखिलेश यादव ने गोरखपुर में चल रही राजनीतिक गतिविधियों को आपसी लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी का मुकाबला शायद वाहिनी से हो। सैफई का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को वहां से प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्र में बेहतर काम करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि गांव गोद लेने के बाद उसे अनाथ नहीं छोड़ा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जो मुख्यमंत्री अपने गांव और शहर का विकास नहीं कर सकते, उनसे पूरे प्रदेश के विकास की क्या उम्मीद की जा सकती है।

चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों पर अखिलेश यादव का बयान

चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 में उनकी पार्टी ने आयोग की निष्पक्षता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर समाजवादी पार्टी के वोट काटे गए। उन्होंने दावा किया कि 2024 में उनकी पार्टी जागरूक रही, इसलिए सांसदों को जिताने में सफल हुई। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर लोगों को रिवॉल्वर तानकर वोट डालने से रोका गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने नोएडा में वोट चोरी होने की बात सुनी है।

Spread the love

Leave a Reply