Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज दो अलग-अलग हिस्सों में बंट गया है। पिछले पांच दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण बिहार के जिलों को फिलहाल अगले ४ से ५ दिनों तक इस जानलेवा गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है, जबकि उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर जारी है।
पटना समेत १४ जिलों में चिलचिलाती धूप और उमस का प्रकोप
शुक्रवार (५ जून) को दक्षिण बिहार के पटना सहित १४ जिलों और उत्तर-पश्चिमी बिहार के ३ जिलों में सूरज के तेवर बेहद तल्ख रहने वाले हैं। इन क्षेत्रों में सुबह से ही कड़क धूप के साथ हवा में भारी नमी (उमस) होने के कारण पसीने वाली गर्मी परेशान करेगी। इसके विपरीत, उत्तर बिहार के तराई वाले जिलों और राज्य के पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ मानसूनी गतिविधियों की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने ६ जिलों में जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह से ही उत्तर और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में मौसम बदलने की चेतावनी दी है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, जमुई और बांका में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में ५० से ६० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका जताई गई है।
1० जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और मुंगेर जैसे पूर्वी जिलों में भी हल्की वर्षा का येलो अलर्ट है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यहां भारी बारिश की उम्मीद नहीं है, जिससे तापमान में कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी और उमस बरकरार रहेगी।
दक्षिण बिहार और पश्चिमी इलाकों में बढ़ेगा अधिकतम तापमान
बक्सर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, पटना, जहानाबाद, अरवल और भोजपुर के साथ-साथ उत्तर बिहार के वैशाली, सारण, गोपालगंज और मोतिहारी में आज तापमान १ से २ डिग्री तक और बढ़ सकता है। इन सभी जिलों में पारा ४० डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर रहने की प्रबल संभावना है।
शनिवार से ६ जिलों में चलेगी भयंकर पछुआ हवा और हीटवेव
शनिवार (६ जून) से दक्षिण बिहार में स्थिति और गंभीर होने वाली है। मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के लिए लू (हीटवेव) का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गर्म पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने में भारी परेशानी होगी।
पटना सहित १५ जिलों में भीषण हीटवेव का अलर्ट
रविवार (७ जून) और सोमवार (८ जून) को गर्मी अपने चरम पर होगी। पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जहानाबाद, नवादा, अरवल, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, भोजपुर और बक्सर में भीषण हीटवेव की चेतावनी दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि ७ जून से उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश होने से वहां के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
बक्सर ४१.८ डिग्री के साथ सबसे गर्म
बीते गुरुवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई। राजधानी पटना में तापमान ४०.२ डिग्री और शेखपुरा में ४१.६ डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बक्सर लगातार दूसरे दिन ४१.८ डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे गर्म स्थान रहा। सबसे कम तापमान वाले किशनगंज में भी पारा ३६ डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिससे पूरा बिहार उमस और तपन से बेहाल है।

