You are currently viewing Hanuman Ansh: कंगना रनौत भी हुईं फिल्म की मुरीद, बोलीं- ‘ये मूवी नहीं सत्संग है’; बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका

Hanuman Ansh: कंगना रनौत भी हुईं फिल्म की मुरीद, बोलीं- ‘ये मूवी नहीं सत्संग है’; बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका

Hanuman Ansh: सिनेमाघरों में इन दिनों ‘हनुमान अंश’ की चर्चा लगातार बनी हुई है। नीम करौली बाबा के जीवन, विचारों और शिक्षाओं से प्रेरित यह फिल्म दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही है। शुरुआत के दो हफ्तों में फिल्म की कमाई भले ही धीमी रही, लेकिन तीसरे सप्ताह से इसकी रफ्तार अचानक तेज हो गई। मामूली बजट में बनी यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।

फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत भी इसकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने फिल्म को सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुभव बताया और अपने फैंस से इसे देखने की अपील की।

अभिनेत्री ने जमकर की फिल्म की तारीफ

कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘हनुमान अंश’ की जमकर तारीफ की। फिल्म में शोबिनाव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है, जबकि फिल्म का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में फिल्म को लेकर लिखा कि ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है। उन्होंने कहा कि फिल्म में उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को खूबसूरती से जोड़ा गया है, जिन्होंने नीम करौली बाबा को अनुभव किया था। अभिनेत्री ने दर्शकों से अपनी अन्य गतिविधियों से समय निकालकर फिल्म देखने की अपील भी की।

तीसरे हफ्ते में बदली फिल्म की किस्मत

बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बहुत तेज नहीं रही थी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। शुरुआती दो सप्ताह में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी रही और इस अवधि में भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 1.48 करोड़ रुपये रहा।

हालांकि, तीसरे सप्ताह में फिल्म की कहानी पूरी तरह बदल गई। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और इसके बाद कमाई में लगातार तेजी देखने को मिली।

चौथे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई

चौथे सप्ताह में फिल्म ने दर्शकों को चौंकाते हुए जबरदस्त कमाई की। रिलीज के 22वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए। इसके अगले दिन यानी 23वें दिन फिल्म का कलेक्शन बढ़कर 9.25 करोड़ रुपये पहुंच गया।

24वें दिन फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद 25वें दिन फिल्म के कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला और फिल्म ने करीब 25 करोड़ रुपये कमाए। वहीं रिलीज के 26वें दिन फिल्म ने 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

26 दिनों में कमाए 54 करोड़ से ज्यादा

सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के 26 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 54.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 63.82 करोड़ रुपये बताया गया है।

सबसे खास बात इसका बजट है। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म महज 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनाई गई है। इस लिहाज से फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले करीब 2907 प्रतिशत का मुनाफा दर्ज किया है। कम बजट और लगातार बढ़ती कमाई ने ‘हनुमान अंश’ को बॉक्स ऑफिस की चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है।

Spread the love

Leave a Reply