You are currently viewing Kane Williamson Retirement: केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, बीच सीरीज में लिया संन्यास

Kane Williamson Retirement: केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, बीच सीरीज में लिया संन्यास

Kane Williamson Retirement: विश्व क्रिकेट के सबसे शालीन और बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर कर दी है। 35 वर्षीय इस दिग्गज खिलाड़ी ने तत्काल प्रभाव से खेल के सभी प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) को अलविदा कह दिया है। इसके साथ ही क्रिकेट जगत में ‘कूल कैप्टन’ के नाम से मशहूर विलियमसन के 16 साल लंबे स्वर्णिम अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने यह बड़ा फैसला इंग्लैंड के खिलाफ जारी 3 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के बीच में लिया है, जहां पहले मुकाबले में कीवी टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

अचानक संन्यास से फैंस को लगा झटका

क्रिकेट प्रशंसकों के लिए केन विलियमसन का यह फैसला किसी बड़े झटके से कम नहीं है। इस औचक घोषणा के बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ चल रही मौजूदा टेस्ट श्रृंखला के बाकी बचे मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे और न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड जल्द ही उनकी जगह टीम में रिप्लेसमेंट की घोषणा करेगा। अपने इस भावुक कर देने वाले फैसले पर बात करते हुए विलियमसन ने कहा कि वह पिछले कुछ समय से इस बारे में विचार कर रहे थे और पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम के बाद उन्हें यह पूरी तरह साफ हो गया कि खेल से अलग होने का यही बिल्कुल सही समय है।

उन्होंने आगे कहा, “मैंने हमेशा इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक मजबूत भूख और जज्बा महसूस किया है। मुझे इस बात पर बेहद गर्व है कि मैंने न्यूजीलैंड की जर्सी पहनकर खेले हर मुकाबले में अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया। इससे कम जज्बे के साथ आगे खेलना मेरे और टीम के साथ नाइंसाफी होती। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ कि मैं अपनी शर्तों पर इस खेल से सम्मानपूर्वक विदा ले रहा हूँ।”

कीवी टीम के सबसे सफल बल्लेबाज का सफर

साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले केन विलियमसन न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे महान और सफलतम बल्लेबाज के रूप में विदाई ले रहे हैं। अपने 16 साल के शानदार सफर में उन्होंने ब्लैककैप्स (New Zealand Cricket Team) के लिए कुल 378 मैच खेले और कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम स्थापित किए। वह तीनों फॉर्मेट को मिलाकर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 19,346 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिसमें उन्होंने 48 शतक और 103 अर्धशतक जड़े हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, टेस्ट क्रिकेट में भी वह 9,515 रनों और 33 शतकों के साथ न्यूजीलैंड के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज (Most Successful Test Batsman of NZ) बनकर इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए हैं।

कप्तानी में आईसीसी ट्रॉफी का सूखा किया खत्म

बल्लेबाजी के अलावा केन विलियमसन का कप्तानी करियर भी बेहद बेमिसाल रहा। उन्होंने साल 2016 से 2024 के बीच न्यूजीलैंड टीम की कमान संभाली और टीम को बुलंदियों पर ले गए। उनकी ही ऐतिहासिक कप्तानी में न्यूजीलैंड ने साल 2021 में भारतीय टीम को फाइनल में मात देकर पहली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Trophy) का खिताब अपने नाम किया था।

इसके अतिरिक्त, उनकी कुशल अगुवाई में कीवी टीम 2019 के ऐतिहासिक वनडे वर्ल्ड कप और 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी। विलियमसन को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और कप्तानी के लिए 2019 वनडे विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था, और उसी साल 2019 में उन्हें आईसीसी टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर (ICC Test Player of the Year) के खिताब से भी नवाजा गया था। उनका जाना विश्व क्रिकेट में एक बड़े युग का अंत है।

Spread the love

Leave a Reply