You are currently viewing IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को रौंदा, पर जीत के बाद कप्तान ऋषभ पंत पर लगा भारी जुर्माना

IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को रौंदा, पर जीत के बाद कप्तान ऋषभ पंत पर लगा भारी जुर्माना

IPL 2026: इंडीयन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की है. इकाना स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में लखनऊ ने चेन्नई को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. लखनऊ के बल्लेबाजों ने CSK के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 3 विकेट खोकर, 20 गेंद शेष रहते ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया. हालांकि, इस मुकाबले में LSG के कप्तान ऋषभ पंत की बल्लेबाजी नहीं आ सकी, क्योंकि शीर्ष क्रम ने ही काम तमाम कर दिया था.

मैच के बाद लगा बड़ा झटका

इस धमाकेदार जीत की खुशी उस समय थोड़ी फीकी पड़ गई, जब मैच के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर आईपीएल की ओर से भारी जुर्माना ठोक दिया गया. मैच के दौरान लखनऊ की टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी थी. आईपीएल (IPL) द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान उनकी टीम द्वारा धीमी ओवर-रेट (Slow Over-Rate) बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है.”

IPL आचार संहिता का उल्लंघन

पंत पर यह कार्रवाई टूर्नामेंट के नियमों के तहत की गई है, जिसके चलते उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा है. आईपीएल मैनेजमेंट ने अपने स्टेटमेंट में आगे स्पष्ट किया, “चूंकि आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, जो न्यूनतम ओवर-रेट से जुड़े अपराधों से संबंधित है, यह इस सीजन में लखनऊ की टीम का पहला अपराध था, इसलिए कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है.” सीजन का पहला उल्लंघन होने के कारण पंत सस्पेंशन से बच गए.

चेन्नई की बल्लेबाजी का लेखा-जोखा

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी. सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन 20 रन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वहीं उर्विल पटेल भी महज 6 रन ही बना सके. इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कार्तिक शर्मा ने संकटमोचक की भूमिका निभाई. कार्तिक ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए 42 गेंदों में 71 रनों की आतिशी पारी खेली. अंत में शिवम दुबे ने भी अपनी ताकत दिखाई और 16 गेंदों में 32 रन ठोककर चेन्नई के स्कोर को 20 ओवर में 187 रन तक पहुंचाया.

मार्श की ‘नब्बे’ और पूरन के ‘चार छक्के’

188 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की ओपनिंग जोड़ी ने शतकीय साझेदारी कर तूफानी शुरुआत दिलाई. विशेषकर मिचेल मार्श ने तबाही मचाते हुए महज 38 गेंदों में 7 गगनचुंबी छक्के और 9 चौकों की बदौलत 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली, हालांकि वह शतक से चूक गए और रन आउट हो गए. इसके बाद रही-सही कसर निकोलस पूरन ने पूरी कर दी. पूरन ने 17वें ओवर की शुरुआती चार गेंदों पर लगातार 4 छक्के जड़कर टीम को बेहद आसानी से जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया.

Spread the love

Leave a Reply