उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। इस बार राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए आजम खां का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को रामपुर वाले चचाजान यानी आजम खां से ही एक्सपर्ट सलाह ले लेनी चाहिए। राजभर ने अखिलेश की भाषा और पुलिस व सरकारी कर्मचारियों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी सवाल उठाए।
अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का हमला, आजम खां का किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि बड़े-बुजुर्ग हमेशा कहते हैं कि अच्छा बनने के लिए अच्छी संगत जरूरी होती है। जब संगत अच्छी नहीं होगी तो जुबान भी अच्छी नहीं रह सकती। राजभर ने अखिलेश के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी भाषा में गुंडागर्दी वाली बातें सुनाई दे रही हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि कभी किसी को उड़वाने तो कभी किसी को उठवाने की बात कही जा रही है। अब तो मीडिया के सामने पुलिस से स्टेपनी बदलवाने का ऐलान किया जा रहा है। आखिर अखिलेश यादव इस तरह की बातें क्यों कर रहे हैं? राजभर ने कहा कि रामपुर वाले चचाजान के लौटने से अखिलेश को या तो बहुत ज्यादा खुशी हुई है या फिर उन्हें कोई बड़ा सदमा लगा है। उन्होंने सलाह दी कि अखिलेश को युवाओं और अपने साथियों के बजाय बड़े-बुजुर्गों के पास बैठकर ज्ञान लेना चाहिए।
आजम खां की पुरानी राजनीति का हवाला देकर अखिलेश पर कसा तंज
राजभर ने अपनी पोस्ट में आजम खां के पुराने बयानों और सरकारी कर्मचारियों को लेकर उनके रवैये का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजम खां पहले सरकारी नौकरी करने वालों को गुलाम और तनखइया समझते थे। यहां तक कि पुलिस से अपनी भैंस तक ढूंढ़वाने की बात सामने आती थी।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि दस साल बाद आजम खां की जुबान पूरी तरह भले ही न बदली हो, लेकिन पहले के मुकाबले कुछ नरम जरूर हुई है। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वह आजम खां से पूछें कि क्या अब भी वह सरकारी कर्मचारियों को तनखइया समझते हैं और उनसे जूते साफ कराने जैसी सोच रखते हैं। राजभर के मुताबिक, आजम खां अपने पुराने अनुभवों के आधार पर अखिलेश को सही सलाह दे सकते हैं।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को लेकर क्या बोले राजभर?
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के बयानों को सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों युवा दिन-रात मेहनत करके सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में बड़े नेताओं को अपने बयानों से उनका मनोबल नहीं गिराना चाहिए।
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की बड़ी-बड़ी बातें सुनकर उनके समर्थक भले ही तालियां बजाएं, लेकिन युवा इन बयानों को गंभीरता से सुन रहे हैं। उन्हें पता है कि पहले सरकारी व्यवस्था में किस तरह का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय सैफई सिंडिकेट और माफियातंत्र सरकारी सिस्टम पर हावी था। उस दौर में सरकारी कर्मचारियों को गुलाम और तनखइया समझा जाता था।
अखिलेश यादव को डींगें मारना बंद करने की दी सलाह
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में आगे कहा कि अब उत्तर प्रदेश बदल चुका है। कॉलर पकड़कर सरकारी कागजों पर हस्ताक्षर कराने और सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाने वाली राजनीति का दौर खत्म हो गया है। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता ने ऐसी राजनीति को दस साल पहले ही नकार दिया था।
राजभर ने यूपी पुलिस का जिक्र करते हुए कहा कि आज पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में ऐसे युवा भर्ती हुए हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, काबिलियत और योग्यता के दम पर नौकरी हासिल की है। ये युवा किसी की सिफारिश या दबाव के सहारे नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अब कानून का राज कायम रखने और मुश्किल समय में लोगों की मदद करने के लिए काम कर रही है।
आखिर में राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें लंबी-लंबी डींगें मारना बंद कर देना चाहिए। समय बदल चुका है और अब सरकारी कर्मचारियों को गुलाम बनाने की सोच छोड़नी होगी। राजभर के इस हमले के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर बीजेपी और सपा के बीच बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

