PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे। इस खास मौके को भारतीय जनता पार्टी (BJP) बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी प्रधानमंत्री के जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इसी कड़ी में गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक विशेष यात्रा निकालने की तैयारी है।
वडनगर से वाराणसी तक चलेगा विशेष अभियान
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी जल्द ही इस यात्रा के विस्तृत मार्ग को अंतिम रूप देगी। प्रस्तावित यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर को पीएम मोदी की जन्मस्थली वडनगर से होगी और इसका समापन उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता और नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर तथा उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों को जनता के बीच पहुंचाएंगे।
जनकल्याण योजनाओं और विकास कार्यों की होगी चर्चा
यात्रा के दौरान लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री बनने के बाद लागू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को भी लोगों तक पहुंचाने की योजना है। बीजेपी इस अभियान के जरिए मोदी के लंबे राजनीतिक सफर और जनसेवा से जुड़े कार्यों को जनता के सामने रखने की तैयारी में है।
युवाओं को अभियान से जोड़ने पर रहेगा जोर
बीजेपी के इस विशेष अभियान में युवाओं की भागीदारी को खास महत्व दिया जाएगा। पार्टी की कोशिश अधिक से अधिक युवा वर्ग को अभियान से जोड़ने की है। इसके लिए राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती समेत विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को अभियान से जोड़ने के साथ उन्हें सामाजिक और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
तीन तारीखों पर होंगे विशेष कार्यक्रम
बीजेपी ने अभियान के दौरान तीन महत्वपूर्ण तारीखों को विशेष महत्व दिया है। 17 सितंबर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है। वहीं 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती मनाई जाएगी। इसके अलावा 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 साल पूरे होने का अवसर होगा।
7 अक्टूबर की तारीख इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। पार्टी इन तीनों अवसरों पर सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
रक्तदान से स्वच्छता अभियान तक होंगे कई आयोजन
बीजेपी की योजना अभियान के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिए भी लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक यात्रा और सेवा कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित यात्रा 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान कुल 10 टीमें वडनगर और वाराणसी से यात्रा पर निकलेंगी। वाराणसी से रवाना होने वाली टीम अलग-अलग राज्यों से होकर एक महीने के भीतर वडनगर पहुंचेगी।
वहीं, वडनगर से शुरू होने वाली टीम देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इस तरह यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान और उनके संसदीय क्षेत्र को जोड़ते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी का विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

