PM Modi Biography: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित नाटक ‘शून्य से शिखर तक’ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष, मेहनत, सेवा और मजबूत इरादों की ऐसी कहानी है, जिससे हर उम्र के लोगों को प्रेरणा मिलती है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां उन्होंने यह नाटक देखा। नाटक के जरिए प्रधानमंत्री के बचपन से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को मंच पर दिखाया गया।
‘शून्य से शिखर तक’ नाटक में दिखी PM मोदी की प्रेरक कहानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा पर तैयार इस नाटक का मंचन दादा लखमी चंद राज्य प्रदर्शन और दृश्य कला विश्वविद्यालय (SUPVA), रोहतक की ओर से किया गया। इसके आयोजन में हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क, भाषा और संस्कृति विभाग ने सहयोग किया। नाटक में दिखाया गया कि किस तरह एक सामान्य परिवार में जन्म लेने वाला बच्चा अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर देश के सबसे बड़े लोकतांत्रिक पद तक पहुंचा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नाटक देखने के बाद कहा कि पीएम मोदी का जीवन हमें सिखाता है कि हालात चाहे कितने भी मुश्किल क्यों न हों, अगर इंसान के इरादे मजबूत हैं तो वह अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंच सकता है। साधारण शुरुआत करने वाला व्यक्ति भी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
PM मोदी के संघर्ष और देश सेवा को कलाकारों ने मंच पर उतारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नाटक में प्रधानमंत्री के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को काफी शानदार तरीके से पेश किया गया है। कलाकारों ने जिस उत्साह और मेहनत के साथ उनकी जीवन यात्रा को दिखाया, वह तारीफ के काबिल है। उन्होंने नाटक में हिस्सा लेने वाले सभी कलाकारों को बधाई दी।
नायब सैनी ने SUPVA विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन और आयोजन से जुड़े लोगों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को संघर्ष, मेहनत, समर्पण और देश सेवा का महत्व समझ में आए।
स्कूली बच्चों से मिले CM नायब सैनी, कलाकारों का बढ़ाया हौसला
नाटक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री ने ऑडिटोरियम में मौजूद स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने नाटक में अलग-अलग किरदार निभाने वाले SUPVA के रंगमंच कलाकारों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘शून्य से शिखर तक’ में वडनगर से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर
‘शून्य से शिखर तक’ नाटक की खास बात यह है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन और शुरुआती संघर्षों को प्रमुखता से दिखाया गया है। नाटक में गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाले एक साधारण बालक से देश का प्रधानमंत्री बनने तक की कहानी को भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है।
इसमें उनके बचपन के अभाव, युवावस्था में आध्यात्मिक खोज और संन्यास से जुड़े दौर को भी दिखाया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में उनके संगठनात्मक काम और संघर्ष को भी मंच पर उतारा गया है।
कोविड काल से वैश्विक मंच तक PM मोदी की भूमिका दिखाई
नाटक में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर के साथ-साथ कोविड महामारी के दौरान किए गए प्रयासों और वैश्विक मंच पर भारत का नेतृत्व करने की भूमिका को भी दिखाया गया है। इसके जरिए त्याग, संकल्प और राष्ट्र को प्राथमिकता देने की भावना को सामने लाने की कोशिश की गई है।
वहीं, हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क, भाषा और संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन अटूट संकल्प, मेहनत और देश सेवा की भावना से जुड़ा है। उनकी यात्रा बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि नाटक में इन सभी पहलुओं को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।

