You are currently viewing Pune Murder Case: ‘बेटी दोषी है तो किले से नीचे फेंक दो’, मंगेतर के पिता के बयान से मचा हड़कंप

Pune Murder Case: ‘बेटी दोषी है तो किले से नीचे फेंक दो’, मंगेतर के पिता के बयान से मचा हड़कंप

Pune Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे से सामने आए कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल के साथ-साथ उसके प्रेमी चेतन चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल का एक भावुक और बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी ही बेटी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

‘मैंने बेटी की करतूत से अपना बेटा खो दिया’

प्रवीण गोयल ने इस पूरी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दर्दनाक और अविश्वसनीय है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “अग्रवाल परिवार ने तो अपना लड़का खोया ही है, लेकिन मुझे केतन से उनके बेटे से भी ज्यादा प्यार था। हमारा आपस में इतना लगाव हो गया था कि मैं उसे अपना खुद का बेटा मानने लगा था। इतना होनहार और अच्छा लड़का आज हमने खो दिया, जिसका हमें जिंदगी भर अफसोस और बेहद दुख रहेगा।”

‘गुनहगार चाहे मेरी बेटी सिया हो, उसे भी सख्त सजा मिले’

घटना को लेकर अपनी अंतरात्मा की पीड़ा को बयां करते हुए प्रवीण गोयल ने साफ किया कि वह न्याय के साथ हैं। उन्होंने कहा, “जिस किसी ने भी इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मेरा केतन जिस किले से गिरकर दुनिया छोड़ गया, इस मर्डर केस में जो भी दोषी पाया जाए—चाहे वह मेरी सगी बेटी ही क्यों न हो—उसे भी उसी किले से नीचे धकेल दिया जाना चाहिए।”

‘शादी को लेकर संजोए थे कई सपने’

सिया के पिता ने कहा कि एक पिता होने के नाते वह समझ सकते हैं कि अग्रवाल परिवार पर दुखों का क्या पहाड़ टूटा है। इससे ज्यादा दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना कोई और नहीं हो सकती। उन्होंने पुरानी बातें याद करते हुए बताया कि दोनों की शादी को लेकर परिवारों में काफी उत्साह था। रिश्ता तय होने के बाद से सिया हमेशा खुश दिखती थी और कहती थी कि केतन बहुत अच्छा है। उसे ससुराल वाले और ननद भी बहुत अच्छे मिले हैं। वहीं, केतन के पिता द्वारा बातें छिपाने के आरोपों पर प्रवीण ने कहा कि यदि उन्हें पहले कुछ पता होता तो वे हमें सचेत कर देते, जिससे शायद आज यह काला दिन न देखना पड़ता।

’19 साल की लड़की के इस अफेयर से हम अनजान थे’

जब प्रवीण गोयल से सिया और उसके प्रेमी चेतन के अवैध संबंधों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पूरी तरह अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा, “हमें इस अफेयर के बारे में दूर-दूर तक कोई जानकारी नहीं थी। सिया महज 19 साल की एक साधारण लड़की है, वह ऐसा खौफनाक कदम उठा सकती है, इस पर यकीन करना मुश्किल है। मैं नहीं जानता कि यह चेतन कहां से आया। मैंने न कभी उसकी शक्ल देखी और न कभी उसका नाम सुना था।”

‘अग्रवाल जैसे संस्कारी लोग और बेटा दोनों खो दिए’

आखिर में उन्होंने केतन के परिवार की तारीफ करते हुए कहा कि वे बहुत ही भले और संस्कारी लोग हैं। हमारा उनके साथ सालों पुराना उठना-बैठना है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल परिवार जैसी रिश्तेदारी मिलना किस्मत की बात थी, जिसे हमने आज खो दिया। प्रवीण गोयल ने यह भी जोड़ा कि अगर सिया ने केतन को अपने इस प्रेम प्रसंग के बारे में बताया था, तो केतन को यह बात अपने माता-पिता से साझा करनी चाहिए थी, ताकि वक्त रहते हमारे जरिए इस हादसे को रोका जा सकता।

Spread the love

Leave a Reply