UP News: रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित शिव पुराण कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म, भारतीय सांस्कृतिक एकता और व्यास पीठ की परंपरा को लेकर बड़ा संदेश दिया। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे की ओर से आयोजित शिव कथा में मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं के दौर में भी व्यास पीठ ने सनातन धर्म की ध्वजा को फहराए रखने और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया।
कथा के दौरान व्यास पीठ पर प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा विराजमान रहे। उन्होंने व्यास पीठ की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का माला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी पंडित प्रदीप मिश्रा को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
शिव भक्ति और ज्योतिर्लिंगों से दिखती भारत की सांस्कृतिक एकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान शिव लोक कल्याण और जनमंगल के देवता हैं। भारत की सांस्कृतिक एकता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग हिमालय से लेकर दक्षिण भारत के रामेश्वरम तक मौजूद हैं। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक फैले ज्योतिर्लिंग भारत की एकात्मकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति तमिलनाडु के श्रद्धालुओं में जो आस्था है, वही भक्ति उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों में भी दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर की भक्ति प्राप्त हो जाना ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने हनुमान जी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रभु की भक्ति ने उन्हें लोकपूज्य बना दिया।
प्रशासन भी व्यास पीठ और कथा परंपरा से ले आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को भी कथा आयोजन में सहयोग की भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जहां भक्ति होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा और आनंद का वातावरण बनता है। प्रशासन को ऐसे आयोजनों में सहयोग करना चाहिए और बाहर से व्यवस्था संभालते हुए व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए।
शिव कथा और सनातन धर्म को लेकर मुख्यमंत्री का संदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मनोज पांडे जब शिव कथा आयोजित करने की इच्छा लेकर उनके पास आए थे, तो उन्होंने उन्हें कथा की तैयारी करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शिव की भक्ति व्यक्ति को कण-कण में भगवान शंकर का एहसास कराती है। भगवान शिव लोक मंगल के लिए विष को धारण करते हैं और समाज के कल्याण तथा विकारों को दूर करने का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक धरती पर इस तरह की शिव कथाएं होती रहेंगी, तब तक सनातन धर्म की ध्वजा नहीं झुक सकती। शिव कथा समाज में सकारात्मक वातावरण और आध्यात्मिक चेतना पैदा करने का काम करती है।
धर्म को पूजा तक सीमित नहीं, जीवन शक्ति मानते हैं: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन परंपरा में धर्म को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं रखा गया है। धर्म को समाज की जीवन शक्ति और कर्तव्य के साथ-साथ राष्ट्र की प्रेरक शक्ति से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि मध्यकाल में राजनीतिक कमजोरी के कारण भारत को विदेशी आक्रांताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उस दौर में भी व्यास पीठ ने भारतीय सांस्कृतिक एकता को बनाए रखने और सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तुलसीदास ने अकबर के प्रस्ताव को ठुकराया: सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने गोस्वामी तुलसीदास का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी व्यास पीठ और रामकथा के माध्यम से समाज को नई प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री के अनुसार, तुलसीदास ने अकबर के दरबार में नवरत्न बनने के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और भगवान राम को ही अपना राजा माना।
उन्होंने कहा कि ऐसे संतों और महापुरुषों ने विदेशी शासन के दौर में भी समाज को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आधार प्रदान किया। व्यास पीठ ने राष्ट्र की उन्नति और देश के विकास के लिए मजबूत वैचारिक आधार तैयार किया।
अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देश की आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी है। जीवन में मर्यादा की बात होती है तो अयोध्या, जीवन की चेतना के लिए काशी, भक्ति की धारा के लिए मथुरा-वृंदावन और सामाजिक समरसता की बात होने पर प्रयागराज की ओर देखा जाता है।
उन्होंने नैमिषारण्य का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 5000 वर्ष पहले शुकदेव जी महाराज ने राजा परीक्षित को कथा सुनाई थी। यह परंपरा आज भी भारतीय समाज में आध्यात्मिक चेतना का माध्यम बनी हुई है।
मनोज पांडे की तारीफ, शिव कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
मुख्यमंत्री ने ऊंचाहार के विधायक और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार की जनता ने ऐसा जनप्रतिनिधि चुना है, जो अपनी विरासत के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।
ऊंचाहार में आयोजित शिव पुराण कथा में पंडित प्रदीप मिश्रा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे पहले प्रतापगढ़ के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और नगर विकास मंत्री केके शर्मा भी कथा में शामिल हो चुके हैं।
शिव पुराण कथा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी के जवानों को भी लगाया गया, ताकि कथा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

