UP Swachh Survekshan 2025-26: योगी सरकार में उत्तर प्रदेश के शहरों ने स्वच्छता के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण में लखनऊ ने 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में देशभर में तीसरा स्थान बरकरार रखा है। वहीं, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बना है, जबकि वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देश में तीसरी रैंक हासिल की है।
उत्तर प्रदेश के शहर अब स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहरों की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण सुधार को लेकर किए जा रहे प्रयासों का असर स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में भी दिखाई दिया है। प्रदेश के तीन बड़े शहरों लखनऊ, गाजियाबाद और वाराणसी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। इन उपलब्धियों को प्रदेश में लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों और लोगों की भागीदारी का नतीजा माना जा रहा है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में यूपी के शहरों को मिला सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के शहरों को मिली उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया। इस दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश की ओर से सम्मान प्राप्त किया। स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली इन रैंकिंग से उत्तर प्रदेश के नगरीय विकास और सफाई व्यवस्था को नई पहचान मिली है।
लखनऊ स्वच्छता रैंकिंग में देश में तीसरे स्थान पर बरकरार
राजधानी लखनऊ ने 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। शहर में पुराने कचरे के ढेर को हटाने से लेकर कचरे का दोबारा इस्तेमाल करने तक कई काम किए गए हैं। पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा करीब 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे जमीन को दोबारा इस्तेमाल करने लायक बनाया जा रहा है।
लखनऊ में जैविक कचरे से खाद तैयार की जा रही है, जबकि आरडीएफ के जरिए औद्योगिक ईंधन बनाया जा रहा है। नगर निगम इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल भी बढ़ा रहा है, ताकि प्रदूषण कम किया जा सके और हवा की गुणवत्ता बेहतर हो। इसके अलावा वार्ड स्तर पर भी सफाई को लेकर अच्छे प्रयास किए गए हैं। पेपर मिल कॉलोनी के वार्ड-70 ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक और सामुदायिक अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
गाजियाबाद बना उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर
स्वच्छता सर्वेक्षण में गाजियाबाद ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। शहर में कचरे को सिर्फ हटाने के बजाय उससे उपयोगी चीजें बनाने पर भी काम किया जा रहा है। लोनी, डासना और निडोरी के कचरा प्रसंस्करण प्लांटों की क्षमता दोगुनी करके 3,650 टन प्रतिदिन कर दी गई है। इसके साथ ही नगर निगम ने करीब 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया है।
पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए शहर में 17 मियावाकी फॉरेस्ट तैयार किए गए हैं, जिनमें 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं। प्लास्टिक कचरे से पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन जैसी चीजें बनाई जा रही हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट तैयार कर रहे हैं। इस पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में इस नवाचार के लिए एक मिलियन डॉलर का अनुदान दिया गया है।
वाराणसी स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देश में तीसरे नंबर पर
धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने भी स्वच्छता के मामले में शानदार प्रदर्शन किया है। स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में शहर को देशभर में तीसरा स्थान मिला है। गंगा नदी और घाटों को साफ रखने के लिए यहां खास व्यवस्था की गई है। शहर के सभी वार्डों में घरों से चार अलग-अलग डिब्बों के जरिए कचरा इकट्ठा किया जा रहा है, जिससे गीले और सूखे कचरे समेत अलग-अलग श्रेणियों का सही तरीके से निस्तारण हो सके।
वाराणसी के घाटों की सफाई तीन शिफ्टों में कराई जाती है। पूजा सामग्री को गंगा में जाने से रोकने के लिए ट्विन बिन और अर्पण कलश लगाए गए हैं। नदी में तैरते कचरे को निकालने के लिए ट्रैश स्किमर और नावों की मदद ली जा रही है। इसके अलावा घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अधिकारियों को फील्ड वेरिफिकेशन की जिम्मेदारी दी गई है।
ए.के. शर्मा बोले- सामूहिक प्रयासों से मिली यूपी को यह सफलता
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के शहरों को मिली उपलब्धियों पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सरकार, नगर निकायों और आम लोगों के मिलकर किए गए प्रयासों का परिणाम है। पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक उत्तर प्रदेश के शहर अब स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के मामले में अपनी नई पहचान बना रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि इस सम्मान के पीछे सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की कड़ी मेहनत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के जरिए सफाई को जनआंदोलन बनाया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों को साफ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी आभार जताया। कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

