UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी प्रत्याशियों के चयन में कोई जल्दबाजी या पुरानी गलती नहीं करना चाहती। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी ने 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है। बताया जा रहा है कि इन नामों को लंबे समय तक चले फीडबैक, आंतरिक सर्वे और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को कम से कम 202 सीटों की जरूरत होती है। ऐसे में 209 नामों की सूची सामने आने के बाद माना जा रहा है कि बीजेपी ने आधे से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर शुरुआती तैयारी कर ली है। हालांकि, इन नामों पर अंतिम फैसला अभी केंद्रीय नेतृत्व को ही लेना है।
सीएम योगी का ग्राउंड फीडबैक बना उम्मीदवार चयन का आधार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों से मिले फीडबैक के आधार पर संभावित प्रत्याशियों के नाम तैयार किए हैं। इसके लिए सीएम योगी के अपने फीडबैक सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। सरकार और संगठन से मिलने वाली रिपोर्ट के साथ-साथ स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी को भी महत्व दिया गया है।
बताया जा रहा है कि जिन उम्मीदवारों के नाम सूची में शामिल हैं, उनकी जीत की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं। पार्टी की कोशिश है कि ऐसे लोगों को मौका दिया जाए, जिनकी अपने क्षेत्र में अच्छी पकड़ हो और जनता के बीच उनकी छवि भी मजबूत हो।
टिकट देने से पहले इन बातों की हो रही जांच
बीजेपी इस बार उम्मीदवारों का चयन केवल उनकी राजनीतिक पहचान देखकर नहीं करना चाहती। मौजूदा विधायकों के कामकाज और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता को भी परखा जा रहा है। अगर किसी विधायक के खिलाफ नाराजगी है तो उसकी जगह किस नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है, इस पर भी विचार हो रहा है।
इसके अलावा नए उम्मीदवार की जनता के बीच पकड़, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उसके संबंध, जातीय समीकरण और विपक्षी समाजवादी पार्टी की संभावित रणनीति को भी ध्यान में रखा जा रहा है। पार्टी चाहती है कि उम्मीदवार ऐसा हो, जिसे चुनाव के दौरान स्थानीय स्तर पर विरोध का सामना न करना पड़े।
लोकसभा और एमएलसी चुनाव की गलतियों से सबक ले रही बीजेपी
बीजेपी इस बार प्रत्याशियों के चयन में पहले से तैयारी करने पर खास जोर दे रही है। इसके पीछे 2024 के लोकसभा चुनाव और हाल के एमएलसी चुनावों के अनुभव को बड़ी वजह माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बाद टिकट वितरण को लेकर कई सवाल उठे थे।
उस समय ऐसी चर्चाएं भी सामने आई थीं कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर दिल्ली और लखनऊ के नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। कुछ नामों को प्रदेश नेतृत्व पसंद कर रहा था, जबकि केंद्रीय नेतृत्व की पसंद अलग बताई जा रही थी। अब पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से काफी पहले ही इस तरह के मतभेद दूर कर लिए जाएं।
100 से ज्यादा विधायकों का कट सकता है टिकट!
यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी बड़े स्तर पर उम्मीदवारों में बदलाव कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मौजूदा विधायकों में से बड़ी संख्या में टिकट काटे जा सकते हैं। पिछली बार पार्टी ने करीब 70 मौजूदा विधायकों को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था। इस बार यह आंकड़ा 100 के पार जाने की चर्चा है।
अगर ऐसा होता है तो मौजूदा विधायकों के करीब 40 प्रतिशत टिकट कट सकते हैं। हालांकि, अभी इसे पार्टी की संभावित रणनीति के तौर पर ही देखा जा रहा है। अंतिम फैसला सर्वे रिपोर्ट और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद होगा।
विनोद तावड़े की टीम भी करा रही उम्मीदवारों का सर्वे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन के साथ ही बीजेपी संगठन भी अपनी तरफ से तैयारी कर रहा है। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की टीम अलग-अलग जोन में संभावित प्रत्याशियों को लेकर सर्वे करा रही है।
इस सर्वे में उम्मीदवारों की लोकप्रियता, स्थानीय समीकरण और संगठन के भीतर उनकी स्वीकार्यता को परखा जा रहा है। पार्टी चाहती है कि उम्मीदवार को केवल ऊपर के नेताओं का समर्थन ही नहीं, बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं का भी पूरा सहयोग मिले।
दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर
बीजेपी में विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति करती है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी की ओर से भेजी गई सूची पर दिल्ली में पार्टी के बड़े नेता भी विचार करेंगे। केंद्रीय नेतृत्व अपने स्तर पर नामों की जांच और फीडबैक लेने के बाद उम्मीदवारों को अंतिम रूप देगा।
फिलहाल 209 संभावित नामों की सूची सामने आने से यूपी बीजेपी की चुनावी तैयारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि केंद्रीय नेतृत्व किन नामों पर सहमति जताता है और किन सीटों पर नए चेहरों को मौका मिलता है। इतना जरूर है कि इस बार टिकट वितरण से लेकर चुनावी रणनीति तक बीजेपी कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं दिख रही है।

