UP Government Jobs:उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। लोकभवन में मिशन रोजगार के तहत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सीएम योगी ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
818 चयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
समारोह में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) समेत विभिन्न विभागों के माध्यम से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें आयुष, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कौशल विकास और उद्योग विभाग से जुड़े पद शामिल हैं। सरकार के अनुसार इस चरण में आयुष विभाग के 404, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के 357, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास के 48 और उद्योग विभाग के 9 पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
यूपी में 9.5 लाख सरकारी नियुक्तियों का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में एक लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि जो लोग रोजगार नहीं दे पाए, वे सवाल करते रहें, सरकार नियुक्तियां देती रहेगी।
UP Police और Home Guard में हजारों भर्तियों की तैयारी
मुख्यमंत्री ने आगामी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 36 हजार युवाओं को नियुक्ति दी जानी है। वहीं होमगार्ड में भी लगभग 41 से 42 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इन भर्तियों में परीक्षा के बाद फिजिकल और मेडिकल जैसी प्रक्रियाएं चल रही हैं।
इसके अलावा UPSSSC के आगामी परिणामों के जरिए 25 से 30 हजार युवाओं को अवसर मिलने की बात कही गई। शिक्षा चयन आयोग से करीब 20 से 25 हजार और UPPSC के माध्यम से अलग-अलग विभागों में 15 से 16 हजार युवाओं को अवसर मिलने का दावा भी मुख्यमंत्री ने किया।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सीएम योगी का दावा
सीएम योगी ने भर्ती आयोगों और बोर्डों से नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता रहने पर युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिलते हैं।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सरकारों की भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उस दौर में आयोगों और भर्ती बोर्डों में भाई-भतीजावाद और अनियमितताओं के कारण युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया है।
यूपी की अर्थव्यवस्था और युवाओं की भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिलने से उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता और मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और सरकार युवाओं की प्रतिभा को विकास से जोड़ने पर काम कर रही है।
सीएम ने आयुष और चिकित्सा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी और होम्योपैथी जैसे क्षेत्रों को संस्थागत विस्तार मिला है। नए संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों के साथ इन क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
नए चयनित युवाओं को सीएम योगी की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन के बाद अब युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने उनसे पूरी ईमानदारी, प्रतिबद्धता और सेवा भावना के साथ काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवचयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे। नियुक्ति अभियान के अगले चरण में भी विभिन्न विभागों के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने की प्रक्रिया जारी रहने की बात कही गई है।

