UP News: राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षा में सफल हुए युवाओं को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने की अपील की।
सीएम योगी का ग्राम पंचायत अधिकारियों को संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की हर घर नल योजना गांव-गांव तक पहुंच रही है। इस योजना से लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही जलजनित बीमारियों को रोकने में भी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। गांव का ही कोई युवा प्लंबर बनकर अपने क्षेत्र में काम कर सकता है और अपनी आजीविका कमा सकता है।
सीएम योगी ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों से कहा कि उन्हें अपनी ग्राम पंचायत को बेहतर बनाने के लिए नए विचारों और योजनाओं के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि आज से 10 साल पहले बिना किसी लेनदेन के नौकरी मिलना संभव नहीं था। अब युवाओं को बिना पैसे के नौकरी मिली है, इसलिए उन्हें भी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करना चाहिए।
ग्राम सचिवालयों का संचालन और पंचायतों के डिजिटल विकास पर जोर
कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थापित ग्राम सचिवालयों को सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। ग्राम सचिवालयों में बिजली, इंटरनेट, कंप्यूटर और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि पंचायतें आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर पंचायती विजन-2047 का हिस्सा बन सकें।
उन्होंने बताया कि पंचायतों में तालाबों के पट्टों से मिलने वाले राजस्व में ग्राम पंचायतों के हिस्से की धनराशि संबंधित पंचायतों को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। इससे ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव आत्मनिर्भर बनेंगे।
कॉमन सर्विस सेंटर से पंचायतों को 4.27 करोड़ रुपये की आय
ओपी राजभर ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं की ऑनलाइन डिलीवरी से पंचायतों में करीब 4.27 करोड़ रुपये की आय हुई है। उन्होंने पंचायतों के विकास के लिए 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप काम करने, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी लागू करने और कल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रचार-प्रसार करने की जरूरत बताई।
सरकारी भर्ती और रोजगार पर ओपी राजभर का बयान
मंत्री ओपी राजभर ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार और मौजूदा सरकार की भर्ती प्रक्रिया की तुलना करते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान सरकारी नौकरियों में वसूली होती थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय 10 लाख, 15 लाख और 20 लाख रुपये तक में नौकरी मिलने की बातें कही जाती थीं। वहीं, मौजूदा सरकार में युवाओं को बिना पैसे के नौकरी दी जा रही है और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आगामी चुनाव में सपा और कांग्रेस को लेकर राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने युवाओं से योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनवाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक नीरज बोरा, रामचंद्र प्रधान, अमरेश, जयदेवी, महेंद्र सिंह और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

