You are currently viewing UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का कहर! 60 घंटे से लगातार बरस रहे बादल, लखनऊ समेत कई जिलों में जलभराव, 28 सितंबर से मिलेगी राहत

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का कहर! 60 घंटे से लगातार बरस रहे बादल, लखनऊ समेत कई जिलों में जलभराव, 28 सितंबर से मिलेगी राहत

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में हथिया नक्षत्र के दौरान हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में पिछले करीब 60 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बीते 24 घंटों में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से जान-माल का भी नुकसान हुआ है।

मध्य और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के आसार

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, गहन अवदाब का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। इसके चलते मध्य और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थमने की संभावना है। हालांकि, तराई के इलाकों में आज भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार यानी 28 सितंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा। इससे लगातार बारिश से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

यूपी में बारिश का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में 24 घंटे के दौरान सामान्य के मुकाबले 1845 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। उपलब्ध आंकड़ों में 1 जून से 26 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 739 मिलीमीटर बताई गई है, जबकि वास्तविक बारिश 751 मिलीमीटर दर्ज हुई है। यह सामान्य से करीब 2 प्रतिशत अधिक है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

यूपी के इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश, बहराइच और हमीरपुर में भारी वर्षा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। बहराइच में 193 मिलीमीटर, हमीरपुर में 164 मिलीमीटर, लखीमपुर खीरी में 163 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 162 मिलीमीटर और बांदा में 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा फर्रुखाबाद में 139 मिलीमीटर, कन्नौज और महोबा में 137 मिलीमीटर, श्रावस्ती में 127 मिलीमीटर तथा लखनऊ में 125 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने लखनऊ में बारिश थमने की संभावना जताई है, हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

लखनऊ में भारी बारिश से जलभराव

राजधानी लखनऊ में करीब 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। जानकीपुरम, आशियाना, रुचि खंड, रश्मि खंड, सरोजिनी नगर और गोमती नगर समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। आशियाना क्षेत्र में कई घरों के अंदर तक बारिश का पानी घुस गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

यूपी में बारिश बनी काल, अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत हुई है। गोरखपुर में पांच लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। फतेहपुर में मकान ढहने से आठ साल के बच्चे की जान चली गई, जबकि बांदा में मकान गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। गोंडा में बाइक पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई। लखीमपुर खीरी और बाराबंकी में अलग-अलग हादसों में तीन-तीन लोगों की जान गई। बस्ती में एक, जबकि अमेठी और हमीरपुर में दो-दो लोगों की मौत हुई है। अन्य जिलों में भी बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की जान जाने की खबरें सामने आई हैं।

Spread the love

Leave a Reply