Monsoon Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। केरल और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है
केरल में भारी बारिश का कहर
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं। बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और नदियों का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने 65 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 1,400 से अधिक लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है। प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।
केरल में भारी बारिश और IMD अलर्ट के बीच सबरीमाला श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और पथानामथिट्टा जिला प्रशासन ने सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। 2 और 3 अगस्त को ‘निरापुथरी’ पर्व के अवसर पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद ही यात्रा करने की अपील की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पंपा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में भारी बारिश और रेड अलर्ट
गुजरात में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट लागू है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राहत और बचाव अभियान को तेज करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार काम कर रही हैं।
गुजरात में बारिश से राहत अभियान तेज
दक्षिण और मध्य गुजरात में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। सूरत, नवसारी और आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन के अनुसार अब तक करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। राहत एजेंसियां प्रभावित परिवारों तक भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाने में जुटी हुई हैं ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
असम में बाढ़ की स्थिति बरकरार
असम में बाढ़ की स्थिति में शनिवार को कुछ सुधार जरूर दर्ज किया गया, लेकिन कई जिले अब भी प्रभावित हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या घटकर लगभग 1.78 लाख रह गई है, जबकि प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पिछले 24 घंटों में किसी नई मौत की सूचना नहीं मिली और बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या 82 बनी हुई है।
शिवसागर और गोलाघाट जिले में दिखौ तथा धनसिरी (दक्षिण) नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गोलाघाट, शिवसागर, चराइदेव, बाजाली, धेमाजी, सोनितपुर और जोरहाट जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। वर्तमान में 218 राहत शिविरों में 71,889 लोग रह रहे हैं, जबकि 1,811 राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

