UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका समय पर समाधान करें। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि से छठ महापर्व तक वरिष्ठ अधिकारी खुद अपने क्षेत्रों में जाएं, लोगों से सीधे बात करें और उनकी परेशानियां सुनें। शिकायत लेकर आने वाले हर व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के अंदर संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए।
UP में कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। CM ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और दूसरी जरूरी सुविधाओं में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जमीन और प्रमाण-पत्र के मामलों का तय समय में होगा निपटारा
योगी ने दाखिल-खारिज, जमीन की पैमाइश, वरासत और जाति व आय प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों को समय पर निपटाने के निर्देश दिए। निर्विवाद राजस्व मामलों का समाधान अधिकतम 15 दिनों में करने को कहा गया है। तहसीलों में लंबित मामलों की सूची सार्वजनिक होगी। तय समय में काम पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। भ्रष्टाचार के मामलों में भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस की गश्त बढ़ेगी, जाम और स्टंटबाजी पर भी कार्रवाई
CM ने कहा कि बीट पुलिसकर्मी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं। नवरात्रि से छठ तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद क्षेत्र में गश्त करें और लोगों से संवाद बनाएं। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। यातायात जाम रोकने, स्टंटबाजी पर कार्रवाई करने और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति केंद्रों पर खास जोर
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए हर थाने में मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी तरीके से चलाने को कहा। महिलाओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के साथ उन्हें जरूरी मदद, परामर्श और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों को खाद की कमी नहीं, कालाबाजारी पर लगेगी रोक
योगी ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को जरूरत के मुताबिक उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और खाद की कालाबाजारी रोकी जाए। कोई भी सहकारी समिति खाद की कमी के कारण खाली न रहे। इसके अलावा पात्र परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने, गो-आश्रय स्थलों में उचित व्यवस्था रखने और सड़क कटिंग से जुड़ी समस्याओं को 31 अक्टूबर तक दूर करने के निर्देश दिए गए।
बारिश से प्रभावित परिवारों को राहत, वन्यजीव संघर्ष रोकने पर जोर
अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को नियमों के मुताबिक राहत देने को कहा गया है। अगले 48 घंटे में बारिश से हुए नुकसान और राहत वितरण की जानकारी राहत आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी। जिन परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं कम करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
नवरात्रि और दशहरा पर मंदिरों में बढ़ेगी सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली शारदीय नवरात्रि, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा। विन्ध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, मां शाकुम्भरी देवी मंदिर और नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी शक्तिपीठ समेत प्रमुख मंदिरों में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात होंगे। बिजली और CCTV निगरानी की व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी।
शोभायात्रा और मूर्ति विसर्जन के लिए खास इंतजाम
योगी ने निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा पंडालों, शोभायात्राओं और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा रहे। पीस कमेटियों की बैठकें कर धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों से लगातार बातचीत की जाए। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर, नाव और जल पुलिस तैनात हों। रास्तों की मरम्मत, रोशनी, सफाई और ढीले बिजली तारों को ठीक कराने के भी निर्देश दिए गए।
एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक व्यवस्था रहे तैयार
शोभायात्रा और विसर्जन मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और दमकल वाहन उपलब्ध रखने को कहा गया है। मेलों में खोया-पाया और सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। CCTV, ड्रोन और सोशल मीडिया के जरिए निगरानी रखी जाएगी। भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हों।

