You are currently viewing UP Election 2027: यूपी में 86.86 लाख नए वोटर जोड़ने की तैयारी, BJP ने बनाया बड़ा प्लान; 17 नवंबर से चलेगा अभियान

UP Election 2027: यूपी में 86.86 लाख नए वोटर जोड़ने की तैयारी, BJP ने बनाया बड़ा प्लान; 17 नवंबर से चलेगा अभियान

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी का खास फोकस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पर है। बीजेपी प्रदेश में ऐसे लोगों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने की तैयारी कर रही है, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। इसके लिए पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक एक महीने का ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाएगी। पार्टी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

योगी के 1.27 करोड़ वोटरों वाले दावे के बाद BJP की तैयारी

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 13 नवंबर को बीजेपी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने और मतदाता सूची में छूटे लोगों के नाम जुड़वाने की रणनीति बनाई गई।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं होने का मुद्दा उठाया गया था। अब बीजेपी पंचायत सूची, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का डेटा खंगालकर ऐसे लोगों की पहचान करेगी।

17 नवंबर से शुरू होगा BJP का मतदाता जोड़ो अभियान

निर्वाचन आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी किए जाने का प्रस्ताव है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी। बीजेपी इसी दौरान अपने संगठन के जरिए घर-घर संपर्क करेगी।

पार्टी ने इसके लिए प्रदेश, जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की हैं। 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तरीय बैठकें और 19 से 21 नवंबर तक विधानसभा स्तर की बैठकें होंगी। इसके बाद 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोटर लिस्ट की जांच करेंगे।

इन लोगों को वोटर बनाने पर रहेगा बीजेपी का फोकस

बीजेपी ने नए मतदाताओं के साथ उन लोगों को भी अभियान में शामिल करने की योजना बनाई है, जिनका नाम किसी कारण से विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है। इसमें नए युवा मतदाता, शादी के बाद दूसरी जगह रहने वाली महिलाएं, पंचायत सूची में शामिल लोग, राशन कार्ड धारक और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।

इसके अलावा काम के सिलसिले में अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोगों की भी पहचान की जाएगी। पंचायत सहायकों की मदद ली जाएगी और उपलब्ध मतदाता संबंधी डेटा को कमल साथी ऐप के जरिए बूथवार व्यवस्थित किया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं के लिए अलग-अलग चलेगा अभियान

बीजेपी महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाएगी। इसकी जिम्मेदारी महिला मोर्चा को दी गई है। इसमें शादी के बाद ससुराल आई उन महिलाओं पर खास ध्यान रहेगा, जिनका नाम नई जगह की वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूहों की भी मदद ली जाएगी।

वहीं, युवाओं को जोड़ने के लिए 1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाता अभियान चलेगा। युवा मोर्चा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कैंप लगाकर 18 से 25 साल के युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक करेगा। खासतौर पर उन युवाओं पर ध्यान रहेगा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी कर लेंगे।

फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़ेगा वोटर लिस्ट में नाम

बीजेपी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया भी समझाएगी। इसके लिए फॉर्म-6 नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 नाम हटवाने और फॉर्म-8 पता बदलने या मतदाता सूची में किसी तरह का संशोधन कराने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

13 दिसंबर को होगी अभियान की समीक्षा

बीजेपी प्रदेश कार्यालय से अभियान की रोजाना निगरानी करेगी। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जिला, मंडल और बूथ स्तर से रिपोर्ट ली जाएगी। 13 दिसंबर को विधानसभा स्तर पर समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद 14 से 16 दिसंबर तक अभियान में सामने आई कमियों को दूर करने की कोशिश की जाएगी।

SIR के जरिए 2027 चुनाव के बूथ मैनेजमेंट पर नजर

बीजेपी का यह अभियान सिर्फ मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं है। पार्टी इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देख रही है। हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यानी कुल मिलाकर करीब 86.86 लाख नए वोटरों को जोड़ने की तैयारी है। अब देखना होगा कि एक महीने तक चलने वाला यह अभियान बीजेपी के लक्ष्य को कितना हासिल कर पाता है।

Spread the love

Leave a Reply