Akhilesh Yadav Controversy: लखनऊ में आज सुबह लगा एक होर्डिंग राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। इस होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई है। इसके साथ ही एक अज्ञात साधु की तस्वीर भी दिखाई दे रही है। होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है, ‘निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली अयोध्या।’
इस पोस्टर के जरिए सीधे तौर पर अखिलेश यादव को निशाने पर लिया गया है। दरअसल, अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के ऐलान के बाद यह होर्डिंग सामने आया है। इसमें सपा प्रमुख के प्रस्तावित दौरे को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं।
बीजेपी नेता अभिषेक त्रिपाठी ने लगवाया होर्डिंग, PDA का भी उड़ाया मजाक
जानकारी के मुताबिक, यह विवादित होर्डिंग बस्ती जिले के रामनगर विकास खंड के बीजेपी नेता अभिषेक त्रिपाठी ने लगवाया है। पोस्टर में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ उनके राजनीतिक नारे PDA को भी निशाना बनाया गया है।
होर्डिंग पर PDA का नया मतलब बताते हुए लिखा गया है, ‘P- पहले प्रायश्चित, D- फिर दर्शन और A- फिर आशीर्वाद।’ इसके जरिए बीजेपी नेता ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले उन्हें कारसेवकों की घटना पर प्रायश्चित करने की नसीहत दी है।
पोस्टर के नीचे इसे लगवाने वाले बीजेपी नेता का नाम भी लिखा गया है। हालांकि, इस होर्डिंग को लेकर अभी तक समाजवादी पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे सपा प्रमुख
दरअसल, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने ऐलान किया था कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। बताया गया है कि राम मंदिर जाने से पहले वह हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली का आशीर्वाद भी लेंगे। इसके अलावा उनके अयोध्या में साधु-संतों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है।
पवन पांडेय के इस ऐलान के बाद से ही अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी की तरफ से लगातार इस दौरे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
राम मंदिर और कारसेवकों का मुद्दा फिर बना सियासी बहस की वजह
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर विवाद की एक बड़ी वजह साल 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना है। उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर पुलिस की गोलीबारी का मुद्दा आज भी प्रदेश की राजनीति में उठाया जाता है।
बीजेपी और उससे जुड़े संगठन कई बार इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी को घेर चुके हैं। खासकर चुनाव के दौरान राम मंदिर और कारसेवकों का मुद्दा राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा बनता रहा है।
अब अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने के ऐलान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। लखनऊ में लगाए गए इस होर्डिंग ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। ऐसे में देखना होगा कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या पहुंचने से पहले यह विवाद क्या नया मोड़ लेता है और समाजवादी पार्टी इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

