You are currently viewing UP Voter List 2026: यूपी में 18.84 लाख बढ़े वोटर, 13.58 करोड़ पहुंची मतदाताओं की संख्या; 16 दिसंबर तक करें आवेदन

UP Voter List 2026: यूपी में 18.84 लाख बढ़े वोटर, 13.58 करोड़ पहुंची मतदाताओं की संख्या; 16 दिसंबर तक करें आवेदन

UP Voter List 2026: यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत 17 नवंबर को नई आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, इस सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 है। जबकि 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर थे। इस तरह करीब सात महीने में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

यूपी में पुरुष और महिला वोटर्स का नया आंकड़ा क्या है?

नई वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 पहुंच गई है। प्रदेश में 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता भी दर्ज हैं। अप्रैल की सूची से तुलना करें तो पुरुष मतदाताओं में 7 लाख 87 हजार 449 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं महिला वोटर्स की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ी है। यानी इस अवधि में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या में ज्यादा इजाफा हुआ है।

युवा मतदाताओं की संख्या में आई 5.80 लाख की कमी

मतदाता सूची के आंकड़ों में एक और अहम बदलाव देखने को मिला है। 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या अब 11 लाख 83 हजार 352 है। अप्रैल में यह आंकड़ा 17 लाख 63 हजार 360 था। इस तरह युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की गिरावट आई है। वहीं, प्रदेश का जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है। ईपी रेशियो में भी सुधार हुआ है और यह 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है।

अप्रैल से नवंबर तक कितने बदले यूपी के वोटर?

अगर दोनों मतदाता सूचियों के आंकड़ों को देखें तो कुल मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख का इजाफा हुआ है। पुरुष और महिला वोटर्स की संख्या बढ़ी है, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं का आंकड़ा 4,206 से घटकर 4,042 रह गया है। इसमें 164 की कमी दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी ये आंकड़े प्रदेश की नई आलेख्य मतदाता सूची की स्थिति बताते हैं।

16 दिसंबर तक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका

अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है या उसमें कोई गलती है तो उसे ठीक कराने का मौका दिया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान की तारीखें भी तय की हैं। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम चेक किया जा सकता है। आयोग का कहना है कि युवाओं और महिलाओं को वोटर लिस्ट से जोड़ने के साथ ही सूची में दर्ज सभी जानकारियों को सही करना प्राथमिकता है।

Spread the love

Leave a Reply