Dev Deepawali 2026: वाराणसी में देव दीपावली का अलग ही रंग देखने को मिलने वाला है। गंगा के घाटों पर लाखों दीयों की रोशनी और भव्य आयोजन देखने के लिए पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है। देश ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग काशी आ रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ का असर होटल और क्रूज कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है। शहर के बड़े होटल, होम स्टे और पीजी पहले से ही बुक हो चुके हैं। वहीं, इस बार गंगा में दो नए क्रूज भी पर्यटकों को सैर कराएंगे।
वाराणसी देव दीपावली पर होटल बुकिंग फुल, दो दिन के पैकेज के लिए चार लाख रुपये
देव दीपावली के दौरान वाराणसी में ठहरना इस बार काफी महंगा हो गया है। घाटों के आसपास बने लग्जरी होटलों में कमरों की मांग इतनी ज्यादा है कि किराया लाखों रुपये तक पहुंच गया है। दरभंगा घाट, मेहता घाट और राणामहल घाट के आसपास स्थित बड़े होटलों में एक सुइट का दो दिन का पैकेज ढाई लाख से चार लाख रुपये तक है।
वहीं, तीन आलीशान होटलों में एक कमरे का एक दिन का किराया दो लाख रुपये तक पहुंच गया है। पर्यटकों ने होटल और होम स्टे में पहले से ही अपनी जगह पक्की कर ली है। छोटे होटल और पीजी भी लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
गंगा में छह क्रूज से देख सकेंगे देव दीपावली का नजारा
इस बार काशी आने वाले पर्यटकों के लिए गंगा की सैर का अनुभव भी खास होगा। गंगा में निर्वाणा और वेदा नाम के दो नए क्रूज शामिल हुए हैं। ये दोनों पहली बार देव दीपावली से अपना संचालन शुरू करेंगे। इसके बाद गंगा में पर्यटकों को सैर कराने वाले क्रूज की संख्या छह हो जाएगी।
नए क्रूज में डीलक्स रूम की बुकिंग 80 हजार रुपये तक में हुई है। वहीं, क्रूज पर कुछ घंटों तक सवारी करने और गंगा के दोनों किनारों पर सजे घाटों को देखने के लिए पर्यटक 25 हजार रुपये तक खर्च कर रहे हैं। दोनों नए क्रूज की बुकिंग फुल होने की जानकारी भी पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने दी है।
देव दीपावली पर बजड़ा और नाव की सवारी भी नहीं है सस्ती
गंगा में बजड़ों की बुकिंग भी इस बार खूब हो रही है। एक बजड़ा एक लाख से साढ़े तीन लाख रुपये तक में बुक किया गया है। इसके अलावा पर्यटक ऑनलाइन ऐप के जरिए साधारण नावों पर भी टिकट ले रहे हैं। बुक माय शो समेत कुछ अन्य ऐप पर शेयरिंग के आधार पर नाव की बुकिंग की सुविधा दी जा रही है।
अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से सफर करने के लिए एक पर्यटक को तीन हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। यानी इस बार काशी की देव दीपावली देखने के लिए पर्यटकों को ठहरने से लेकर गंगा की सैर तक पर अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ रही है।
पर्यटन कारोबारियों ने बताया कैसा है इस बार का कारोबार
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि इस साल देव दीपावली पर पर्यटन कारोबार काफी अच्छा है। होटल के साथ होम स्टे और पीजी में भी कमरों की संख्या बढ़ी है। इससे पर्यटकों को ठहरने के लिए ज्यादा विकल्प मिल रहे हैं।
वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के सचिव सौरभ पांडेय के मुताबिक, इस बार दो नए क्रूज गंगा में आए हैं। दोनों में बुकिंग पूरी हो चुकी है। पर्यटकों की दिलचस्पी को देखते हुए इस बार क्रूज पर्यटन भी काफी आकर्षक रहने वाला है।
11 लाख दीयों से रोशन होगी काशी, ड्रोन शो और लेजर शो बढ़ाएंगे रौनक
24 नवंबर की शाम देव दीपावली पर वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर दीप जलाए जाएंगे। इस दौरान करीब 11 लाख दीयों से गंगा के घाट रोशन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी। चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा। काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव की खास तैयारी की गई है। ऐसे में इस बार देव दीपावली पर काशी में आस्था के साथ आधुनिक तकनीक और पर्यटन का शानदार संगम देखने को मिलेगा।

