PDA Rath Yatra: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा को लेकर हलचल तेज है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर में रोड शो कर रहे हैं। इसी बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश चाहे कहीं से भी यात्रा निकाल लें, इससे समाजवादी पार्टी की किस्मत बदलने वाली नहीं है।
सपा की सत्ता में वापसी को लेकर केशव मौर्य का दावा
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति अंधकारमय है। उन्होंने कहा कि सपा गोरखपुर, सैफई या लखनऊ में कहीं भी रैली कर ले, इससे उसे कोई राजनीतिक फायदा नहीं मिलने वाला। मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सत्ता में दोबारा नहीं लौट पाएगी।
अखिलेश के 2047 वाले सपने पर कसा तंज
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने का सपना देख सकते हैं, लेकिन यह सपना पूरा नहीं होने वाला। उन्होंने इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपनों जैसा बताते हुए कहा कि हकीकत में समाजवादी पार्टी सत्ता तक नहीं पहुंच पाएगी। मौर्य के मुताबिक, अखिलेश यादव भी इस बात को जानते हैं।
राहुल गांधी के लोकतंत्र वाले बयानों पर भाजपा का हमला
केशव मौर्य ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मौर्य ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयानों से दुनिया में भारत की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे बयानों की कड़ी आलोचना करती है।
विपक्षी नेताओं को लेकर केशव मौर्य ने लगाए गंभीर आरोप
मौर्य ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी का नाम लेकर कहा कि इन नेताओं की गतिविधियां देशहित के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव के समय अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करके इन नेताओं को जवाब देगी।
भाजपा की चिंतन बैठक पर अखिलेश को दी नसीहत
मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी केशव मौर्य ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भाजपा की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा के पास गुंडे, अपराधी और माफिया रहे हैं। वहीं उन्होंने भाजपा को जनसेवा, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी बताया।
संगठन की मजबूती के लिए होती हैं भाजपा की चिंतन बैठकें
केशव मौर्य के मुताबिक, भाजपा में समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें संगठन की स्थिति और सरकार के कामकाज की समीक्षा होती है। इन बैठकों के जरिए आगे की रणनीति भी तैयार की जाती है। उन्होंने मथुरा के कार्यक्रम को पार्टी की इसी संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया।
चौरी-चौरा के देवकाही गांव जा रहे अखिलेश यादव
बता दें कि अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर दौरे पर हैं। सपा सूत्रों के अनुसार, वह पीडीए रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाल रहे हैं। इस दौरान उनका काफिला चौरी-चौरा क्षेत्र के देवकाही गांव की ओर बढ़ रहा है। अखिलेश की इस यात्रा के बीच केशव मौर्य के बयान ने भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी को और हवा दे दी है।

