Lucknow Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बाजारखाला इलाके के ऐशबाग स्थित तिलकनगर में मलका कर्बला के पीछे खाली जमीन पर बनी झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग आसपास बनी झोपड़ियों तक पहुंच गई। इस हादसे में करीब 18 झोपड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अब्बास अली की झोपड़ी के पास से शुरू हुई आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग सबसे पहले अब्बास अली की झोपड़ी की दीवार के पास लगी थी। किसी को कुछ समझने का मौका मिलता, इससे पहले ही लपटों ने आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग में शहजहां अली, आमिर हुसैन, अल्ताफ, ताज हुसैन, मैनुल, जैरूल, अजहर, समीर हुसैन, चनवर अली, सुमेद अली, शरबत अली, रूखसाना बानो, मोहम्मद अमान, समद अली, इमरान, असलम और तर्रार हुसैन की झोपड़ियां जल गईं। इसके अलावा सलमान, सादिक अली और जमाल का कबाड़ भी आग में जलकर नष्ट हो गया।
लैपटॉप जलने से रो पड़ी रोशनी, बोली- अब कैसे करूंगी पढ़ाई
इस हादसे में सबसे ज्यादा दुखी तर्रार हुसैन की बेटी रोशनी थी। आग में उसका लैपटॉप भी जल गया। अपने जरूरी सामान और पढ़ाई का साधन खोने के बाद रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार कह रही थी कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं तो शायद इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। रोशनी ने बताया कि आग में घर की पूरी गृहस्थी के साथ उसका लैपटॉप भी जल गया है। अब वह अपनी पढ़ाई कैसे करेगी। स्थानीय पार्षद राजीव बाजपेयी ने रोशनी और झोपड़ियों में रहकर पढ़ाई करने वाले दूसरे बच्चों की मदद करने का भरोसा दिया है।
विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मांगा 25 लाख रुपये मुआवजा
घटना की जानकारी मिलते ही मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात की और प्रभावित परिवारों के लिए बिजली, खाने-पीने के सामान और टेंट की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। विधायक ने सरकार से आग में सबकुछ गंवाने वाले परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
कूड़ा बीनकर परिवार चलाते हैं ज्यादातर लोग
बताया जा रहा है कि जिस खाली जमीन पर झोपड़ियां बनी हैं, उसे लेकर उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन है। यहां काफी समय से लोग झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। ज्यादातर परिवार कूड़ा बीनने या नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी में काम करते हैं। इनमें अधिकतर परिवार असम के रहने वाले हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के मुताबिक, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

