You are currently viewing Varanasi Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर वाराणसी में महाडायवर्जन लागू, राजघाट पुल दोपहर 1 बजे से बंद; 57 पार्किंग और 3 ग्रीन कॉरिडोर तैयार

Varanasi Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर वाराणसी में महाडायवर्जन लागू, राजघाट पुल दोपहर 1 बजे से बंद; 57 पार्किंग और 3 ग्रीन कॉरिडोर तैयार

Varanasi Dev Deepawali 2026: वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की उम्मीद है। भीड़ को संभालने और शहर में जाम व अफरा-तफरी रोकने के लिए ट्रैफिक विभाग ने बड़ा डायवर्जन प्लान तैयार किया है। घाटों के आसपास की सड़कों को पूरी तरह वाहन मुक्त रखा जाएगा। राजघाट पुल पर दोपहर 1 बजे के बाद वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी बंद कर दिया जाएगा।

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के मुताबिक, सामने घाट पुल से रामनगर और लंका के बीच सिर्फ पैदल यात्री और बाइक सवार ही आ-जा सकेंगे। गंगा के एक किनारे से दूसरे किनारे जाने के लिए विश्वसुंदरी पुल और रिंग रोड स्थित गंगा पुल का इस्तेमाल करना होगा।

देव दीपावली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

देव दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पूरे आयोजन की निगरानी के लिए 25 से अधिक आईपीएस और 50 से ज्यादा पीपीएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा 4000 से अधिक महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

सुरक्षा में एटीएस, आईबी, सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों और संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर निगरानी की जाएगी।

गंगा में नावों के लिए 5 किलोमीटर की वाटर बैरिकेडिंग

गंगा में नाव, मोटरबोट और बजड़ों के संचालन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। एसीपी दशाश्वमेध विवेक तिवारी के अनुसार, अस्सी की ओर से घाट किनारे होते हुए नावों का आवागमन होगा। वहीं अस्सी से नमो घाट जाने के लिए रामनगर की तरफ से गंगा किनारे का रास्ता निर्धारित किया गया है।

इसके लिए गंगा में करीब 5 किलोमीटर तक वाटर बैरिकेडिंग लगाई गई है। किसी आपात स्थिति में रास्ता देने के लिए तीन जगह कट भी छोड़े गए हैं।

वाराणसी में 57 पार्किंग स्थल, पांच जगह बनाए गए होल्डिंग एरिया

देव दीपावली पर शहर में बाहर से आने वाले वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें रामनगर का दुर्गा मंदिर, लंका मैदान, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू कैंपस और यूपी कॉलेज शामिल हैं।

इसके अलावा शहर में कुल 57 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें बेनियाबाग पार्किंग, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, टाउनहॉल, क्वींस कॉलेज, संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू, यूपी कॉलेज, पहड़िया मंडी, कैंट स्टेशन, रामनगर का दुर्गा मंदिर और लंका मैदान प्रमुख हैं।

बसों के लिए अलग व्यवस्था, शहर के अंदर नहीं मिलेगी एंट्री

ट्रैफिक प्लान के तहत काशी और कैंट बस स्टेशन से चलने वाली सरकारी और निजी बसें शहर के अंदर नहीं आ सकेंगी। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की बसों को रिंग रोड हरहुआ, बावन बीघा और संदहा अंडरपास के पास रोका जाएगा।

वहीं चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर की बसें मोहनसराय में ठिकाना ढाबा के पास से चलेंगी। भदोही की बसें परमपुर अंडरपास तक आएंगी। यात्रियों को इन जगहों से सिटी बसों और दूसरे सवारी वाहनों के जरिए शहर में पहुंचना होगा।

एंबुलेंस के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर, अस्पतालों तक मिलेगी सीधी पहुंच

देव दीपावली के दौरान किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी न हो, इसके लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। पहला रास्ता नमो घाट से गोलगड्डा, चौकाघाट, लहुराबीर होते हुए कबीरचौरा अस्पताल तक जाएगा। इसके अलावा चौकाघाट से पुलिस लाइन, दीनदयाल अस्पताल और ईएसआईसी अस्पताल तक भी रास्ता तय किया गया है। तीसरा मार्ग चौकाघाट से कैंट ओवरब्रिज, लहरतारा, भिखारीपुर और नरिया होते हुए बीएचयू तक रहेगा।

दूसरा ग्रीन कॉरिडोर गोदौलिया से ब्रॉडवे, रविदास गेट, हेरिटेज अस्पताल और मालवीय चौराहे होते हुए बीएचयू तक बनाया गया है। वहीं तीसरा प्रमुख मार्ग पड़ाव से डोमरी और रामनगर चौराहा होते हुए लाल बहादुर शास्त्री जिला अस्पताल तक जाएगा।

देव दीपावली पर पहली बार 8 इंच के विशेष शेल से होगी आतिशबाजी

इस बार देव दीपावली पर गंगा के दोनों किनारों पर रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। एक तरफ काशी के घाट लाखों दीपों से जगमगाएंगे, तो दूसरी तरफ गंगा पार रेती पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी आसमान को रोशन करेगी।

खास बात यह है कि इस बार काशी में भारत में पहली बार आतिशबाजी के लिए 8 इंच के विशेष शेल का इस्तेमाल किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, गंगा पार रात 8:30 बजे से करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा। इसमें भगवान शिव के भजनों की धुन के साथ हरे रंग की आतिशबाजी देखने को मिलेगी। आयोजकों के मुताबिक, विशेष शेल करीब 600 फीट की ऊंचाई पर रंग-बिरंगी आकृतियां बनाएंगे।

देव दीपावली लेजर शो के लिए चार जगह लगेंगी बड़ी एलईडी स्क्रीन

देव दीपावली पर लेजर शो देखने के लिए हर साल दशाश्वमेध, मणिकर्णिका और आसपास के घाटों पर भारी भीड़ जुटती है। इस बार भीड़ को अलग-अलग जगहों पर बांटने के लिए दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, नमो घाट और चेतसिंह घाट के पास बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

काशी के घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो, आतिशबाजी और गंगा महोत्सव जैसे कार्यक्रम भी होंगे। प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के देव दीपावली का आनंद ले सकें और शहर में यातायात व सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे।

Spread the love

Leave a Reply