Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल अब क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ राजनीति में भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। शनिवार को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके बीजेपी में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
चहल को बीजेपी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर जगह दी गई है। पार्टी में शामिल होने से पहले उन्होंने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्हें संगठन में यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
चहल के BJP ज्वाइन करने पर अतुल वासन ने दी बधाई
युजवेंद्र चहल के राजनीति में आने के फैसले पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अतुल वासन की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने चहल के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अगर कोई खिलाड़ी अपने खेल के जरिए नाम कमाने के बाद समाज और देश के लिए कुछ करना चाहता है, तो यह अच्छी बात है।
न्यूज एजेंसी से बातचीत में अतुल वासन ने कहा कि जब कोई खिलाड़ी पहचान हासिल करने के बाद लोकसेवा में दिलचस्पी दिखाता है और समाज के लिए योगदान देने का पक्का इरादा रखता है, तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने चहल को बधाई देते हुए कहा कि वह जनसेवा के क्षेत्र में अच्छा काम कर सकते हैं।
राजनीति में बड़ा योगदान दे सकते हैं युजवेंद्र चहल
अतुल वासन का मानना है कि खेल की दुनिया से आने वाले लोगों के पास अनुभव की कोई कमी नहीं होती। खासकर ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने देश और विदेश में खेला हो, उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों और लोगों को समझने का मौका मिलता है।
उन्होंने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के पास काफी ज्ञान और अनुभव होता है। वह दुनिया को करीब से देखता है और समाज के साथ उसका जुड़ाव भी रहता है। ऐसे में उसे पता होता है कि अलग-अलग परिस्थितियों में चीजें किस तरह काम करती हैं।
अतुल वासन के मुताबिक, युजवेंद्र चहल के पास भी ऐसा अनुभव है, जिसका इस्तेमाल वह समाज की बेहतरी के लिए कर सकते हैं। अगर वह पूरी ईमानदारी और लगन के साथ जनसेवा में आगे बढ़ते हैं, तो बड़ा योगदान दे सकते हैं।
टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल पाए चहल, फर्स्ट क्लास क्रिकेट से भी ले चुके हैं संन्यास
क्रिकेट करियर की बात करें तो युजवेंद्र चहल ने भारतीय टीम के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, उन्हें अब तक टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। चहल फर्स्ट क्लास क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में उनके रेड बॉल क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की संभावना भी लगभग खत्म हो गई है।
अब क्रिकेट के साथ राजनीति में उनकी नई शुरुआत चर्चा का विषय बन गई है। देखना होगा कि मैदान पर अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले चहल राजनीति में किस तरह की भूमिका निभाते हैं।
गौतम गंभीर से लेकर हरभजन सिंह तक, राजनीति में उतर चुके हैं कई क्रिकेटर
युजवेंद्र चहल ऐसे पहले भारतीय क्रिकेटर नहीं हैं, जिन्होंने राजनीति में कदम रखा है। इससे पहले भी कई बड़े खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान से निकलकर राजनीतिक पारी शुरू कर चुके हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर बीजेपी के सांसद रह चुके हैं। वहीं, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बने। इनके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू, कीर्ति आजाद, मनोज तिवारी और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे खिलाड़ी भी राजनीति में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं।
ऐसे में चहल का बीजेपी में शामिल होना क्रिकेट और राजनीति के बीच एक और नई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को किस तरह निभाते हैं और जनसेवा के क्षेत्र में क्या काम करते हैं।

