You are currently viewing Akhilesh Yadav Birthday: अखिलेश यादव के जन्मदिन पर दिग्गजों की बधाई, शुभकामनाओं के बहाने सियासी संदेश देने की कोशिश

Akhilesh Yadav Birthday: अखिलेश यादव के जन्मदिन पर दिग्गजों की बधाई, शुभकामनाओं के बहाने सियासी संदेश देने की कोशिश

Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर राज्य के शीर्ष नेताओं ने उन्हें अपनी बधाई संदेश भेजे हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा, “प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है.” इसके साथ ही राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा प्रमुख को बधाई दी, हालांकि उनके इस संदेश के पीछे एक गहरा सियासी संदेश भी छिपा हुआ माना जा रहा है.

केशव मौर्य का बधाई संदेश

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर अखिलेश यादव को बधाई देते हुए लिखा, “सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं!” मौर्य ने अपने इस संदेश में धार्मिक प्रतीकों को जोड़ते हुए आगे लिखा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और आदि देव महादेव की कृपा आप पर बरसे और आप सदैव स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों. इस संदेश को राजनीतिक गलियारों में एक विशेष नैरेटिव से जोड़कर देखा जा रहा है.

मायावती का सादगी भरा संदेश

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी इस मौके पर अखिलेश यादव को याद किया. उन्होंने बेहद सलीके से सपा प्रमुख और उनके पूरे परिवार को इस खास दिन की बधाई दी. मायावती ने अपने संदेश में लिखा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में सपा सांसद अखिलेश यादव को आज उनके जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई एवं उनके अच्छे जीवन व लम्बी उम्र की शुभकामनायें.”

इंडिया गठबंधन के साथियों का मिला साथ

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने अखिलेश यादव को बधाई देते हुए भविष्य के राजनीतिक संकल्पों को दोहराया. राहुल गांधी ने कहा, “जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई अखिलेश यादव. PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिल कर पूरा करेंगे.” इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अखिलेश यादव को बधाई देते हुए ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना की.

परिवार और सहयोगियों का मिला पूरा समर्थन

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनके चाचा और वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने एक लंबा और भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने अखिलेश यादव को ‘समाजवादी विचारधारा का प्रतिबद्ध प्रहरी’ और ‘PDA की साझी ताकत का आंदोलन’ मजबूत करने वाला नेता बताया. शिवपाल ने लिखा कि अखिलेश का नेतृत्व जनता के लिए विश्वास और परिवर्तन का आधार बना हुआ है. दूसरी ओर, अपना दल (कमेरावादी) की नेता और विधायक पल्लवी पटेल ने भी तथागत गौतम बुद्ध से सपा प्रमुख के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं.

Spread the love

Leave a Reply