Sandeep Singh Engagement: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार में आज बड़ा आयोजन होने जा रहा है। उनके नाती और प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह का सगाई समारोह शनिवार को अलीगढ़ के तालानगरी में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह में शामिल होने के लिए प्रदेश सरकार के कई मंत्री, बीजेपी के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक अलीगढ़ पहुंचेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस खास मौके पर एक लाख से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने भी बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं।
CM योगी आदित्यनाथ का अलीगढ़ दौरा, 25 मिनट समारोह में रहेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संदीप सिंह और सौरभ सिंह के सगाई समारोह में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार 14 नवंबर को मेरठ से राजकीय हेलीकॉप्टर के जरिए दोपहर 2:55 बजे तालानगरी स्थित हेरिटेज स्कूल ग्राउंड के हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
यहां से वह कार के जरिए रामघाट कल्याण मार्ग स्थित कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3:05 बजे से 3:25 बजे तक सगाई समारोह में मौजूद रहेंगे। इसके बाद 3:30 बजे हेलीपैड पहुंचकर 3:35 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिस पंडाल में सीएम योगी मौजूद रहेंगे, वहां आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
केशव मौर्य और पंकज चौधरी समेत कई मंत्री होंगे शामिल
संदीप सिंह और सौरभ सिंह के सगाई समारोह में बीजेपी के कई बड़े चेहरे नजर आएंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पंकज चौधरी दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए अलीगढ़ पहुंचेंगे।
इसके अलावा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत और सांसद एसपी सिंह बघेल भी समारोह में शामिल होंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित हो गया है। वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आने को लेकर देर रात तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था।
ये मंत्री और जनप्रतिनिधि भी पहुंचेंगे अलीगढ़
समारोह में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे। वह दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इससे पहले वह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के भी समारोह में पहुंचने का कार्यक्रम है। इनके अलावा कई अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और बीजेपी के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
सगाई समारोह के लिए 800 लोगों का VIP पंडाल, विशेष पास से मिलेगी एंट्री
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग से विशेष पंडाल तैयार किया गया है। इस पंडाल में करीब 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां प्रवेश के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी और केवल पास दिखाने वालों को ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।
आम लोगों और वीवीआईपी मेहमानों की व्यवस्था अलग-अलग रखी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
अलीगढ़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 1000 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
सगाई समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें पीएसी के जवानों के साथ जिले के अलग-अलग थानों का पुलिस बल भी शामिल रहेगा।
कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा का घेरा बनाया गया है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
डीएम और एसएसपी ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान वीवीआईपी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी संगीता देवी, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र और एसपी यातायात प्रवीन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्वार्सी से तालानगरी जाने वालों को हो सकती है परेशानी
कार्यक्रम में वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए अलीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। शनिवार को क्वार्सी चौराहे से तालानगरी जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्वार्सी से तालानगरी जाने वाला मार्ग लेफ्ट साइड से चलता रहेगा। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को ट्रैफिक व्यवस्था का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।

