You are currently viewing UP Politics: यूपी में वोटर लिस्ट को लेकर एक्टिव हुई बीजेपी, सीएम योगी ने नेताओं को दिया नए वोटर जोड़ने का टास्क

UP Politics: यूपी में वोटर लिस्ट को लेकर एक्टिव हुई बीजेपी, सीएम योगी ने नेताओं को दिया नए वोटर जोड़ने का टास्क

UP Politics: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। वोटर लिस्ट से नाम कटने और नए मतदाताओं को जोड़ने के मुद्दे पर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सक्रिय हो गए हैं। शनिवार को बीजेपी नेताओं की एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों को नए और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का टास्क दिया।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही थी। इसके बाद बीजेपी ने पूरे प्रदेश में वोटर जोड़ो अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए।

अखिलेश यादव के आरोपों पर ओपी राजभर का पलटवार

वहीं, वोटर लिस्ट को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि दूसरे राज्यों के लोगों को लाकर यूपी में मतदाता बनाने की योजना तैयार की जा रही है। उनके इस बयान पर सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने तीखा हमला बोला।

ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव झूठ बोल रहे हैं। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी को जिताने के लिए यादवों और मुसलमानों ने मिलकर हिंदू मतदाताओं के वोट कटवाए हैं। उन्होंने मेरठ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक ही परिवार के 20 सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले, जबकि परिवार के सभी सदस्य अपने घरों में ही मौजूद थे।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के आरोप बेबुनियाद हैं। भारत में रहने वाले पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में होने चाहिए। अगर किसी का नाम गलती से कट गया है, तो उसे दोबारा जुड़वाया जाएगा।

19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा बीजेपी का मतदाता जोड़ो अभियान

बीजेपी प्रदेश में एक महीने तक विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। यह अभियान 19 नवंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेगा। पार्टी ने 22, 23 और 24 नवंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष गतिविधियां चलाने का फैसला किया है।

इस दौरान प्रदेश के करीब 1.73 लाख बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक और वार्ड सदस्य से लेकर मंत्री तक सभी को इस अभियान में लगाया जाएगा। पार्टी के नेता घर-घर जाकर नए मतदाताओं और वोटर लिस्ट से छूटे लोगों की पहचान करेंगे और उनका नाम जुड़वाने में मदद करेंगे।

महिला और युवा मोर्चा भी संभालेंगे वोटर जोड़ने की जिम्मेदारी

बीजेपी ने इस अभियान को अलग-अलग चरणों में चलाने की तैयारी की है। जिलों में 16, 17 और 18 नवंबर को बैठकें होंगी। इसके बाद 19, 20 और 21 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। 22 से 24 नवंबर तक हर बूथ पर विशेष अभियान चलेगा।

महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को घर-घर जाकर महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का काम करेगा। वहीं, युवा मोर्चा 1, 2 और 3 दिसंबर को पहली बार वोट डालने वाले युवाओं यानी फर्स्ट टाइम वोटर्स को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होते ही घर-घर पहुंचेंगे बीजेपी कार्यकर्ता

पार्टी ने 17 नवंबर को निर्वाचन आयोग की ओर से संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (SSR) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद अभियान तेज करने की योजना बनाई है। बीजेपी कार्यकर्ता इस सूची को लेकर घर-घर पहुंचेंगे और जांच करेंगे कि किन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

इसके बाद छूटे हुए नामों को जुड़वाने की प्रक्रिया में लोगों की मदद की जाएगी। पार्टी की ओर से 13 दिसंबर को अभियान की समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। पूरे अभियान की निगरानी प्रदेश बीजेपी मुख्यालय से होगी।

बैठक में सहकारिता विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने प्रेजेंटेशन के जरिए अभियान की पूरी रूपरेखा समझाई। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति वोटर बनने से वंचित न रहे।

Spread the love

Leave a Reply