You are currently viewing UP News: नवरात्रि लिखे बैग में मीट की डिलीवरी पर हंगामा, ब्लिंकिट स्टोर से 166 पैकेट जब्त

UP News: नवरात्रि लिखे बैग में मीट की डिलीवरी पर हंगामा, ब्लिंकिट स्टोर से 166 पैकेट जब्त

UP News: पटेल नगर में बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मीट बिक्री पर रोक; लाइसेंस में मांस बेचने की अनुमति नहीं मिली

नवरात्रि के नाम वाले बैग में मीट मिलने पर विरोध

शहर के पटेल नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर रविवार को मीट के पैकेटों की डिलीवरी को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में मांस के पैकेट रखकर ग्राहकों तक पहुंचाए जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर बजरंग दल और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता स्टोर पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विरोध के चलते स्टोर का शटर बंद कर दिया गया।

बजरंग दल के धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने आरोप लगाया कि नवरात्रि के शुभकामना संदेश वाले बैग में मीट की डिलीवरी की जा रही थी। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताया। इस मामले में कंपनी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर भी दी गई है।

बजरंग दल ने कहा, आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने कहा कि उनका मकसद स्टोर बंद कराकर कर्मचारियों को बेरोजगार करना नहीं है। उनका विरोध नवरात्रि के नाम वाले बैग में मांसाहारी उत्पादों की आपूर्ति को लेकर है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पैकिंग से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले की जांच कराने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कर्मचारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन वे बयान देने से बचते रहे।

ब्लिंकिट स्टोर के लाइसेंस में मीट बेचने की अनुमति नहीं

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आउटलेट संचालक ने खाद्य सामग्री बेचने का लाइसेंस दिखाया था, लेकिन उसमें मांस और मांस उत्पादों की बिक्री की अनुमति नहीं थी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के मुताबिक, लाइसेंस के उपनियम 31 में मीट बेचने का उल्लेख नहीं है। इसलिए स्टोर पर मांस की बिक्री नियमों के खिलाफ पाई गई।

सहायक आयुक्त खाद्य वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी नवरात्रि के दौरान मीट नहीं बेचने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद स्टोर पर फ्रोजन मीट के पैकेट मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी।

45 हजार रुपये से ज्यादा कीमत के 166 मीट पैकेट जब्त

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्टोर से फ्रोजन मीट के 166 पैकेट जब्त किए हैं। इनकी कुल कीमत 45,384 रुपये बताई गई है। विभाग ने आउटलेट पर मीट की बिक्री पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त मांस के मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व की अदालत में वाद दर्ज कराया जाएगा। सुनवाई के बाद जुर्माना लगाने और जब्त मांस के निस्तारण को लेकर फैसला होगा।

अलग लाइसेंस मिलने तक मीट बिक्री पर रोक

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि मांस बेचने के लिए अलग से जरूरी लाइसेंस लेना होगा। तब तक ब्लिंकिट स्टोर पर अन्य खाद्य और घरेलू सामान की बिक्री जारी रह सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नियमानुसार मुकदमा और जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल स्टोर से मीट की बिक्री बंद करा दी गई है और विभाग की जांच जारी है।

Spread the love

Leave a Reply