You are currently viewing UP Politics: चौरी चौरा में कांग्रेस और सपा पर बरसे CM योगी, राहुल गांधी पर साधा निशाना, किसानों को नए पैकेज का दिया भरोसा

UP Politics: चौरी चौरा में कांग्रेस और सपा पर बरसे CM योगी, राहुल गांधी पर साधा निशाना, किसानों को नए पैकेज का दिया भरोसा

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर के चौरी चौरा पहुंचे। यहां उन्होंने 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर भी तंज कसा। अपनी बात रखने के लिए सीएम योगी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर कविता ‘कलम, आज उनकी जय बोल’ की पंक्तियां सुनाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कुछ लोग सड़कों पर अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को इतिहास की समझ नहीं है। उन्होंने दिनकर की कविता की पंक्ति ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा’ सुनाते हुए कहा कि इतिहास को भूलने वालों को बलिदानियों का महत्व समझ नहीं आएगा। उन्होंने कविता की दूसरी पंक्तियों के जरिए देश के लिए जान देने वाले वीरों को याद किया और कहा कि कलम हमेशा बलिदानियों की जय बोलती है।

चौरी चौरा कांड में नेहरू नहीं, मालवीय जी ने की थी क्रांतिकारियों की पैरवी

सीएम योगी ने चौरी चौरा की ऐतिहासिक घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा कांड में 172 लोगों को आरोपी बनाया गया था। उस समय इन लोगों को कानूनी मदद देने के लिए जवाहरलाल नेहरू आगे नहीं आए, बल्कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने उनकी पैरवी की थी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, मालवीय जी ने मजबूती से मुकदमा लड़ा और अपनी दलीलों के दम पर 151 लोगों को आरोपों से बाहर कराने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा की क्रांति ने उस समय कांग्रेस को भी हिलाकर रख दिया था। यही वजह थी कि कांग्रेस को अपना आंदोलन तक रोकना पड़ा था। सीएम योगी ने कहा कि जो लोग अपने जीवनकाल में परिवार के लोगों को सम्मान नहीं देते, वे देश के बलिदानियों का सम्मान क्या करेंगे।

CM योगी का सपा पर हमला, बोले- पहले प्रदेश में हर तरफ था गुंडाराज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में चार बार सरकार चलाने के दौरान करीब 1500 दंगे हुए। उस समय हर जिले में माफिया और अपराधियों का दबदबा था। सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ दिया था और अपराधियों को संरक्षण मिलता था।

उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की जमीन पर कब्जे होते थे और बेटियों, व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उस दौर में लोग कहते थे, ‘देख सपाई, बिटिया घबराई।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। अब तक 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

चक्रवाती तूफान अर्णब से प्रभावित किसानों को मिलेगा नया मुआवजा पैकेज

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चक्रवाती तूफान अर्णब और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की परेशानी पर भी बात की। उन्होंने माना कि बारिश से हुए नुकसान के लिए जो मुआवजा दिया गया है, वह पर्याप्त नहीं है। किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार और कदम उठाएगी।

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों से फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को तत्काल मुआवजा देने के साथ नुकसान का सही आकलन भी किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की मदद के लिए नया पैकेज लेकर आएगी, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।

चौरी चौरा ओवरब्रिज का लोकार्पण, 287 करोड़ की 84 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने चौरी चौरा में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। इसके बनने से लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। अब वाहन चालकों को ट्रेन गुजरने के इंतजार में लंबे समय तक खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन भी पहले के मुकाबले आसान होगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कुल 287 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली गौनर सड़क परियोजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। सड़क, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को सीधा फायदा पहुंच रहा है।

Spread the love

Leave a Reply