You are currently viewing Gorakhpur News: गोरखपुर में भारी बारिश से मचा हाहाकार! सांसद रवि किशन का घर भी पानी से घिरा, घरों में तैरने लगा सामान

Gorakhpur News: गोरखपुर में भारी बारिश से मचा हाहाकार! सांसद रवि किशन का घर भी पानी से घिरा, घरों में तैरने लगा सामान

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार, 26 सितंबर की शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। घरों, दुकानों, गलियों और मोहल्लों में पानी भर गया है। कई घरों के कमरों और रसोई तक में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान डूब गया। बर्तन, कुर्सियां, फ्रिज और अन्य सामान पानी में तैरते नजर आए। बारिश के दूसरे दिन रविवार को भी कई इलाकों में जलनिकासी नहीं हो सकी।

गोरखपुर में जलभराव से नगर निगम और जिला प्रशासन के दावों पर सवाल

भारी बारिश के बाद गोरखपुर में नगर निगम और जिला प्रशासन की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के कई घंटे बीत जाने के बाद भी उनके घरों और गलियों में पानी भरा हुआ है। कई मोहल्लों में 15 से 20 घंटे से अधिक समय गुजरने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी भरने से रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ लोगों की आजीविका पर भी असर पड़ा है।

बेतियाहाता में बारिश का कहर, महिला संध्या यादव के घर में घुसा पानी

गोरखपुर के बेतियाहाता मोहल्ले में भारी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। यहां रहने वाली संध्या यादव के घर में पानी भर जाने से उनका काफी सामान डूब गया। उनके किचन में फ्रिज और कमरों में रखा सामान पानी में डूबा हुआ है। संध्या यादव घर में ही पार्लर चलाती हैं। उन्होंने बताया कि जलभराव की वजह से उनके पार्लर का सामान भी खराब हो गया है। घर में बिजली नहीं होने और सामान के नुकसान के कारण वह काफी परेशान हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस नुकसान की भरपाई कैसे होगी।

गोरखपुर में जलनिकासी को लेकर पार्षद और सांसद रवि किशन के बीच बहस

बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि भारी बारिश के बाद संध्या यादव के घर में पानी भर गया था। उन्होंने नगर निगम की पंपिंग सेट टीम को जलनिकासी के लिए दिशा-निर्देश दिए। पार्षद के मुताबिक, उन्होंने जलनिकासी के लिए रेग्युलेटर खुलवाने के संबंध में सांसद रवि किशन को फोन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान सांसद ने उनसे पूछा कि क्या वह समाजवादी पार्टी में चले गए हैं। इसके जवाब में उन्होंने भी सांसद से पूछा कि क्या वह बहुजन समाज पार्टी में चले गए हैं। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सांसद रवि किशन का घर भी गोरखपुर में जलभराव की चपेट में

भारी बारिश का असर गोरखपुर के सांसद रवि किशन के आवास पर भी दिखाई दिया। रामगढ़ताल स्थित लेक व्यू लेन में उनके घर के आसपास दूसरे दिन भी पानी जमा रहा। घर के बाहर जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं। पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने इस स्थिति को लेकर नगर निगम और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में जलनिकासी की समस्या के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गोरखपुर में रिकॉर्ड बारिश से भारी नुकसान, चार लोगों की मौत

गोरखपुर में शनिवार शाम 4:30 बजे से पौने सात बजे तक करीब ढाई घंटे में 164 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शाम 4:30 से 5:30 बजे के बीच एक घंटे में 115 मिलीमीटर बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए। सड़कें पानी से भरकर तालाब जैसी हो गईं। इस दौरान दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और एक किशोर समेत चार लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। जलभराव और बिजली संकट के बीच शहर के लोग राहत और जलनिकासी का इंतजार कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply