PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। पार्टी के अनुसार यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसी क्रम में वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक विशेष सेवा संकल्प बाइक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्षों से युवाओं को जोड़ने का संकल्प लेना बताया गया है।
भाजपा की योजना के मुताबिक, यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू होकर उनके गृह क्षेत्र गुजरात के वडनगर तक पहुंचेगी। इसके साथ ही वडनगर और वाराणसी से दो अलग-अलग बाइक यात्राएं रवाना किए जाने की योजना है, जिनके 7 अक्टूबर को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने की बात कही गई है।
वाराणसी से वडनगर तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा
17 सितंबर को वाराणसी से वडनगर के लिए निकलने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा में करीब 500 सेवा यात्री शामिल होंगे। यात्रा को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।
सेवा संकल्प यात्रा में शामिल होंगे कई बड़े नेता
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और चिराग पासवान के अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई नेता शामिल हो सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
वाराणसी में जुटेंगे एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर एनडीए सरकार वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों के वाराणसी में जुटने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अलावा अन्य एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी की भी बात कही गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन भी प्रस्तावित है। इसमें बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, डमरू वादन और प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी अपने सार्वजनिक संबोधनों में कई बार सोमनाथ और काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते रहे हैं।
50 जिलों से होकर गुजरेगी सेवा संकल्प यात्रा
भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा व्यापक स्तर पर आयोजित की जाएगी। यात्रा करीब 50 जिलों तक पहुंचेगी। इसके दौरान 88 रात्रि पड़ाव और 187 ठहराव निर्धारित किए जाने की जानकारी दी गई है।
युवाओं को जनसेवा से जोड़ने का संकल्प
इस अभियान के जरिए युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और करीब 25 वर्षों की जनसेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और सेवा गतिविधियों के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का सेवा अभियान
भाजपा के मुताबिक, प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक देशभर में आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग स्थानों पर सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।
वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा इस अभियान का प्रमुख हिस्सा होगी। प्रधानमंत्री मोदी का वाराणसी से लोकसभा सांसद होना इस कार्यक्रम को राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण बनाता है। यात्रा का समापन गुजरात के वडनगर में प्रस्तावित है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचपन बीता है।

