IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के आईपीएल 2026 का ऐतिहासिक खिताब जीतने का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि टीम के स्टार खिलाड़ी टिम डेविड की एक हरकत ने विवाद खड़ा कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई। गुजरात की पारी के 10वें ओवर में जब एक विकेट गिरा, तो जश्न मनाने के उत्साह या आक्रामकता में टिम डेविड अपना आपा खो बैठे। उन्होंने मैदान पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन की तरफ खतरनाक तरीके से एक आइस बैग (Ice Bag) उछाल दिया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन मैच के बाद इस दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया गया।
आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ा एक्शन
सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की गवर्निंग काउंसिल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर टिम डेविड के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। आईपीएल ने बताया कि डेविड को लीग की आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का दोषी पाया गया है। यह नियम किसी भी खिलाड़ी, अंपायर या मैच अधिकारी की तरफ असुरक्षित या आक्रामक तरीके से कोई भी वस्तु फेंकने से संबंधित है। लेवल-1 के इस अपराध के तहत मैच रेफरी ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर फाइनल मैच की फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना ठोक दिया है, साथ ही उनके खाते में 2 डिमेरिट पॉइंट्स भी जोड़ दिए गए हैं। टिम डेविड ने भी मैच रेफरी के सामने अपनी इस बड़ी गलती को स्वीकार कर लिया है।
5 डिमेरिट पॉइंट्स का गणित पड़ा भारी
तकनीकी रूप से देखें तो मैच रेफरी ने इस घटना के लिए टिम डेविड पर सीधे तौर पर कोई सस्पेंशन नहीं लगाया था, लेकिन उनके पुराने रिकॉर्ड ने सारा खेल बिगाड़ दिया। आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में टिम डेविड का व्यवहार अनुशासित नहीं रहा और यह तीसरी बार था जब उन्हें लेवल-1 के तहत दोषी ठहराया गया। फाइनल से पहले ही उन्हें अलग-अलग दो मैचों में कुल तीन डिमेरिट पॉइंट मिल चुके थे। फाइनल में मिले 2 नए पॉइंट्स को मिलाकर इस सीजन में उनके कुल 5 डिमेरिट पॉइंट्स हो गए। आईपीएल के नियमों के अनुसार, डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या तय सीमा पार करते ही खिलाड़ी पर स्वतः ही एक मैच का प्रतिबंध लागू हो जाता है।
अगले सीजन की शुरुआत में भुगतना होगा खामियाजा
इस निलंबन का सीधा असर अब टिम डेविड के अगले सीजन पर पड़ेगा। नियमों के मुताबिक, यह बैन आईपीएल 2027 के पहले मैच में लागू होगा। अब चाहे अगले साल टिम डेविड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के लिए रिटेन किए जाएं या फिर मेगा ऑक्शन में किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनें, वह अपनी टीम के लिए सीजन का पहला ओपनिंग मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। खिताब जीतने की खुशी के बीच आरसीबी कैंप के लिए यह एक कड़वी खबर है। आपको बता दें कि आईपीएल 2026 में बेंगलुरू को चैंपियन बनाने में डेविड ने अहम भूमिका निभाई थी, जहाँ उन्होंने 16 मैचों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 305 रन बनाए थे, लेकिन अब उनके इस शानदार प्रदर्शन पर अनुशासनहीनता का यह दाग लग गया है।

