Tamil Nadu News: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार बनने के बाद से ही अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। अब उनके नाम पर एक नया फोरम लॉन्च होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। सोमवार (23 नवंबर) को तिरुनेलवेली में कथित समर्थकों ने ‘यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम’ की शुरुआत की।
इस फोरम के लॉन्च होते ही इसका पोस्टर भी जारी किया गया। पोस्टर में तृषा कृष्णन हरे रंग की साड़ी पहने हाथ जोड़कर अभिवादन करती नजर आ रही हैं। पोस्टर के साथ फोरम के लोगो में भी हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है। खास बात यह है कि हरा रंग तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की पार्टी AIADMK से जुड़ा माना जाता है। ऐसे में पोस्टर के रंग को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
क्या राजनीति में उतरेंगी तृषा कृष्णन? समर्थकों ने बताई अपनी मंशा
तृषा कृष्णन के नाम पर फोरम शुरू करने वाले समर्थकों का कहना है कि उन्होंने यह पहल एक खास उम्मीद के साथ की है। वे चाहते हैं कि तृषा कृष्णन राजनीति में आएं और उनके साथ जुड़कर काम करें।
समर्थकों के मुताबिक, उनका मकसद सिर्फ राजनीतिक पद हासिल करना या सत्ता में पहुंचना नहीं है। वे तमिलनाडु के आम लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना चाहते हैं। उनका मानना है कि अगर तृषा कृष्णन इस पहल से जुड़ती हैं तो उन्हें अपने अभियान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हालांकि, अभी तक तृषा कृष्णन की ओर से इस फोरम या राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इसे उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी।
कई मौकों पर एक साथ दिखे तृषा और सीएम विजय, बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं
तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के एक साथ नजर आने की खबरें भी लगातार सुर्खियों में रही हैं। विजय के चुनावी अभियान से लेकर मुख्यमंत्री बनने के बाद तक कई मौकों पर दोनों को एक साथ देखा गया है।
हाल ही में विजय, वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी श्रेया और उज्जवल के शादी के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में तृषा कृष्णन भी नजर आईं। इसके अलावा दोनों ब्रिटेन में अभिनेता अजित कुमार के रेसिंग इवेंट में भी पहुंचे थे।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान भी तृषा पहली पंक्ति में बैठी दिखाई दी थीं। इन मुलाकातों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, इन मुलाकातों को किसी राजनीतिक भूमिका का संकेत मानने की पुष्टि नहीं हुई है।
तृषा पर टिप्पणी को लेकर पहले भी हुआ था विवाद, विजय ने दी थी चेतावनी
तृषा कृष्णन का नाम पहले भी तमिलनाडु की राजनीति में विवाद की वजह बन चुका है। विपक्षी दलों के नेता समय-समय पर अभिनेत्री का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते रहे हैं।
इसी बीच तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री विजय के संबंधों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत मिल गई।
विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने भी महिलाओं के सम्मान को लेकर सख्त संदेश दिया था। सितंबर में बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा था कि राजनीति में आलोचना तीखी हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
तृषा की राजनीति में एंट्री पर अब सबकी नजर
तृषा कृष्णन के नाम पर फोरम लॉन्च होने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। समर्थक उन्हें राजनीति में लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभिनेत्री ने अभी तक अपनी राजनीतिक योजनाओं को लेकर कुछ नहीं कहा है।
अब देखना होगा कि तृषा इस फोरम से जुड़ती हैं या नहीं। फिलहाल उनके नाम पर शुरू हुई यह पहल तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा का नया विषय बन गई है।

