बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए कथावाचकों के ढोंग, पाखंड और प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। रामदेव ने राम और कृष्ण की तुलना करने वाले बयान पर भी नाराजगी जताई और महिलाओं को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की सलाह दी।
बाबा रामदेव का धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर हमला, कहे तीखे शब्द
योग गुरु बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर के नाम से मशहूर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने शास्त्री पर निशाना साधते हुए उन्हें बावला, पाखंडी और धूर्त तक कह दिया। रामदेव ने कहा कि कुछ लोग खुद को सनातन धर्म का रक्षक बताते हैं, लेकिन उन्हें धर्मग्रंथों और भारतीय संस्कृति की सही जानकारी तक नहीं है। ऐसे लोग हिंदू धर्म को बचाने की बात करने से पहले खुद को संभाल लें।
रामदेव ने कहा कि कुछ कथावाचक न तो वेद और उपनिषद पढ़ते हैं, न ही रामायण और महाभारत की जानकारी रखते हैं। इतना ही नहीं, उन्हें कुरान, संविधान और लोकतंत्र की भी समझ नहीं होती, फिर भी वे मंच पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। उन्होंने कहा, ‘कहते हैं हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।’
प्रेत बाधा दरबार पर बाबा रामदेव ने उठाए सवाल
बाबा रामदेव ने अपने भाषण में प्रेत बाधा और भूत-प्रेत के नाम पर लगाए जाने वाले दरबारों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कुछ कथावाचक धर्म और देवी-देवताओं के नाम पर लोगों को डराते हैं और उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हैं। रामदेव के मुताबिक, ऐसे लोग धार्मिक आस्था का इस्तेमाल करके आम लोगों को अपने प्रभाव में लेते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग बाल फैलाकर और इधर-उधर झटके देकर लोगों को भूत-प्रेत बाधा होने का एहसास कराते हैं। इसके बाद पानी छिड़ककर दावा करते हैं कि समस्या दूर हो गई। रामदेव ने इसे पाखंड बताते हुए कहा कि इस तरह लोगों के बीच धार्मिक उन्माद पैदा करना और उनकी भावनाओं का फायदा उठाना गलत है।
महिलाओं को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की सलाह
योग गुरु ने कहा कि धर्म के नाम पर होने वाले इस तरह के पाखंड का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ता है। उन्होंने खासतौर पर मां, बहन और बेटियों को ऐसे कथावाचकों से सतर्क रहने की सलाह दी। रामदेव का कहना था कि लोगों को अपनी धार्मिक आस्था बनाए रखनी चाहिए, लेकिन किसी भी व्यक्ति की बातों में आकर अंधविश्वास या पाखंड का शिकार नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का कोई छोटा-सा हिस्सा पकड़कर भीड़ को भड़काना और लोगों को गलत दिशा में ले जाना ठीक नहीं है। धर्म का काम समाज को जोड़ना और सही रास्ता दिखाना है, न कि लोगों के मन में डर और भ्रम पैदा करना।
राम और कृष्ण की तुलना वाले बयान पर भी जताई नाराजगी
बाबा रामदेव ने अपने भाषण में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के उस पुराने बयान का भी जिक्र किया, जिसमें राम और कृष्ण की तुलना किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि किसी को भी देवी-देवताओं की तुलना नहीं करनी चाहिए। राम को महान और कृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने जैसी बातें करना धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है।
रामदेव ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति से ऐसी गलती हो जाती है और वह बाद में माफी मांगकर मंदिर में मत्था टेक लेता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसकी कही बात सही हो जाती है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि देवी-देवताओं का सम्मान करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हंसी-मजाक में भी ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए, जिनसे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हों।
जमशेदपुर के महिला पतंजलि सम्मेलन में दिया बयान
बाबा रामदेव ने ये सभी बातें झारखंड के जमशेदपुर में कहीं। रविवार को महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम की ओर से प्रांतीय महासम्मेलन आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में मंच से बोलते हुए उन्होंने कथावाचकों के व्यवहार और धार्मिक मंचों के इस्तेमाल पर सवाल उठाए।
रामदेव ने कहा कि वह जानबूझकर ऐसी बातें सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं, ताकि समाज को पता चले कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग और आडंबर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी को व्यक्तिगत रूप से समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब बात नहीं समझी जाती तो मंच से बोलना जरूरी हो जाता है। उनके मुताबिक, साधु होने का मतलब यह नहीं कि गलत बातों पर चुप रहा जाए। धर्म और देवी-देवताओं की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

