Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार से योगीराज देवरहा बाबा मंडपम में कथा का आयोजन होना है। इसके लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कुंडा विधायक राजा भैया ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को अपनी गाड़ी में बैठाया। इसके बाद खुद ड्राइविंग सीट पर बैठकर उन्हें बेंती राजभवन तक लेकर पहुंचे। राजा भैया के इस अंदाज की वहां मौजूद लोगों के बीच खूब चर्चा रही। बेंती पहुंचने पर बाबा का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने हनुमान जी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और आरती उतारी।
श्रीराम कथा से पहले कुंडा में निकली भव्य कलश यात्रा
प्रतापगढ़ में कथा को लेकर श्रद्धालुओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार को कुंडा तहसील के सात अलग-अलग स्थानों से कलश यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश रखकर यात्रा में पहुंचीं।
कलश यात्रा के दौरान धार्मिक नारों और भक्ति के माहौल से पूरा इलाका गूंज उठा। कुंडा तहसील के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी कथा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। आयोजन शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया।
तीन दिन होगी रामकथा, 20 नवंबर को सजेगा दिव्य दरबार
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रतापगढ़ में तीन दिनों तक श्रीराम कथा का पाठ करेंगे। इसके बाद 20 नवंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर तैयारियां भी की गई हैं।
हिंदुओं की एकजुटता पर राजा भैया का बयान भी चर्चा में
बाबा के प्रतापगढ़ पहुंचने से पहले राजा भैया अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए थे। बीते शनिवार को उन्होंने कहा था कि हिंदुओं को इस्लाम से एकजुटता सीखनी चाहिए। उनसे पूछा गया था कि हिंदुओं को एकजुट करने के लिए क्या कोई विचारधारा हो सकती है?
इस पर राजा भैया ने कहा कि हिंदुओं को किसी राजनीतिक दल के साथ बंधकर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद इस्लाम को प्राथमिकता देते हैं। इसी तरह हिंदुओं को भी हिंदुत्व के मामले में अपनी पहचान को सबसे पहले रखना चाहिए। उनके मुताबिक, राजनीतिक दल बदलते रहते हैं, लेकिन समाज की एकजुटता जरूरी है।
भगवान राम-कृष्ण और करवा चौथ पर टिप्पणी का आरोप, कोर्ट में परिवाद
इधर, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ रामपुर में एक कानूनी मामला भी चर्चा में है। तीन अधिवक्ताओं ने उन पर भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और करवा चौथ के उपवास को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।
अधिवक्ता राम सिंह लोधी, हर्ष गुप्ता और सुनीता वर्मा ने संयुक्त रूप से अदालत में परिवाद दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उनका आरोप है कि 26 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने ऐसी टिप्पणी की, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
अधिवक्ताओं ने अदालत से इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। अदालत ने उनकी अर्जी मंजूर करते हुए परिवाद दर्ज कर लिया है। अब इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की गई है। ऐसे में प्रतापगढ़ में होने वाली श्रीराम कथा के बीच धीरेंद्र शास्त्री का यह विवाद भी लगातार चर्चा में बना हुआ है।

