UP Paddy Procurement 2026: उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन सत्र के दौरान धान की सरकारी खरीद 12 अक्टूबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में खरीद की तारीखों और व्यवस्था को मंजूरी दी गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 अक्टूबर से धान खरीदा जाएगा, जबकि पूर्वी यूपी में खरीद प्रक्रिया 1 नवंबर से शुरू होगी। पश्चिमी क्षेत्र में 15 फरवरी 2027 और पूर्वी क्षेत्र में 28 फरवरी 2027 तक खरीद जारी रहेगी।
धान का MSP 2,441 रुपये, 65 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि की है। धान की कॉमन किस्म का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। प्रदेश सरकार ने इस बार 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए आठ क्रय एजेंसियों के माध्यम से 4,500 खरीद केंद्र संचालित किए जाएंगे। पिछले सत्र में प्रदेश में 62 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी।
किसानों को 48 घंटे में भुगतान, बोरों की कमी दूर करने की तैयारी
सरकार ने किसानों को धान बिक्री के बाद 48 घंटे के भीतर भुगतान उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात कही है। मंत्री के अनुसार, खरीद केंद्रों पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 80 हजार बोरे उपलब्ध करा दिए गए हैं और एक लाख अतिरिक्त बोरों की व्यवस्था भी की जा रही है।
इन मंडलों और जिलों में 12 अक्टूबर से खरीदा जाएगा धान
मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी मंडलों में 12 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होगी। इसके अतिरिक्त लखनऊ मंडल के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में भी इसी तारीख से खरीद होगी।
पूर्वी यूपी में 1 नवंबर से धान खरीद, फरवरी 2027 तक चलेगी प्रक्रिया
चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज मंडलों में 1 नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी। लखनऊ मंडल के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी इसी तारीख से खरीद की जाएगी। पूर्वी क्षेत्र में सरकारी खरीद 28 फरवरी 2027 तक जारी रहेगी।
श्रीअन्न की सरकारी खरीद 31 दिसंबर से, बाजरा का MSP 2,900 रुपये
कैबिनेट ने मोटे अनाज यानी श्रीअन्न की सरकारी खरीद 31 दिसंबर से शुरू करने का फैसला किया है। प्रदेश के 33 जिलों में बाजरा, 25 जिलों में मक्का और 13 जिलों में ज्वार खरीदा जाएगा। ज्वार मालदांडी का MSP 4,073 रुपये, ज्वार हाईब्रिड का 4,023 रुपये, बाजरा का 2,900 रुपये और मक्का का 2,410 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
मोटे अनाज की खरीद का लक्ष्य और क्रय केंद्रों की संख्या
सरकार ने बाजरा खरीद के लिए 300, ज्वार के लिए 80 और मक्का के लिए 75 क्रय केंद्र निर्धारित किए हैं। बाजरा की खरीद का लक्ष्य 2.20 लाख मीट्रिक टन, ज्वार का 50 हजार मीट्रिक टन और मक्का का 15 हजार मीट्रिक टन रखा गया है।
13,943 किसानों ने कराया पंजीकरण, हेल्पलाइन से मिलेगी मदद
9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक करीब 13,943 किसान धान बिक्री के लिए पंजीकरण करा चुके थे। मोटे अनाज की खरीद में किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे किया जाएगा। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए ई-पॉप डिवाइस से बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा। किसान सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकते हैं।

