UP Politics: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश में एक नए तीसरे मोर्चे की तैयारी चल रही है। आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक साथ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत आगे बढ़ चुकी है। गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसकी औपचारिक घोषणा किए जाने की तैयारी है।
लखनऊ में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
जानकारी के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद गुरुवार दोपहर 12 बजे लखनऊ के दयाल पैराडाइज होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान दोनों नेता गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं। साथ ही तीसरे मोर्चे के नाम का भी खुलासा होने की संभावना है।
दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही हैं। इस गठबंधन को लेकर प्रदेश की राजनीति में अभी से चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि दोनों दल मिलकर ऐसा चुनावी समीकरण तैयार करना चाहते हैं, जिससे दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाया जा सके।
40 फीसदी दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर ओवैसी और चंद्रशेखर की नजर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरण हमेशा अहम भूमिका निभाते हैं। आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में करीब 21 फीसदी दलित और 19 फीसदी मुस्लिम आबादी है। दोनों को मिलाकर यह हिस्सा लगभग 40 फीसदी हो जाता है।
इसी समीकरण को ध्यान में रखते हुए ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर दोनों पार्टियां इन समुदायों के मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने में सफल रहीं तो कई विधानसभा सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
41 सीटों पर बदल सकता है चुनावी गणित
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश की करीब 41 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संयुक्त आबादी 50 फीसदी से ज्यादा है। ऐसे में इन सीटों पर तीसरे मोर्चे की रणनीति काफी महत्वपूर्ण हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, AIMIM करीब 40 से 45 मुस्लिम बहुल सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, बाकी सीटों पर आजाद समाज पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर सकती है। हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा और उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर औपचारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को मिल सकती है चुनौती
इस संभावित गठबंधन से सबसे बड़ा सवाल समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले को लेकर उठ रहा है। अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को साथ लाकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में अगर चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी अलग मोर्चा बनाते हैं तो सपा के वोट बैंक में सेंध लग सकती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसका असर सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पड़ सकता है। हालांकि, बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के चुनावी समीकरणों पर इसका कितना प्रभाव पड़ेगा, यह भी देखने वाली बात होगी।
बसपा के कमजोर होने के बाद दलित राजनीति में नया समीकरण
उत्तर प्रदेश में बसपा की राजनीतिक ताकत कमजोर होने के बाद दलित वोटरों के बीच नए विकल्पों की चर्चा तेज हुई है। चंद्रशेखर आजाद लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, ओवैसी AIMIM के जरिए मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहते हैं।
दोनों नेताओं का साथ आना यूपी की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है। हालांकि, 40 फीसदी आबादी का गणित सीधे वोटों में नहीं बदलता। चुनाव में उम्मीदवारों की लोकप्रियता, स्थानीय मुद्दे और संगठन की ताकत भी अहम होगी। अब देखना होगा कि यह तीसरा मोर्चा 2027 के चुनाव में कितना प्रभाव डाल पाता है।

