UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि प्रदेश में नियुक्ति पत्र बांटने का अभियान 26 जनवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान औसतन हर पांचवें दिन एक बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के 1,146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए। इस मौके पर उन्होंने किसान परिवारों को भी बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
युवाओं को योग्यता के आधार पर मिल रही नौकरी: योगी
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि सरकारी भर्ती में पारदर्शिता और ईमानदारी बेहद जरूरी है। अगर भर्ती आयोग बिना किसी दबाव के काम करें तो युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर नौकरी मिल सकती है। उन्होंने नए कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों को सिर्फ नौकरी समझकर न निभाएं, बल्कि जनता की सेवा को प्राथमिकता दें। आम लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उनका समाधान ईमानदारी के साथ करें।
पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय युवाओं को नौकरी पाने के लिए सिफारिश और पैसे के लेनदेन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव होता था और योग्य उम्मीदवार पीछे रह जाते थे। फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले परीक्षा देने वाला कोई और होता था, जबकि नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने इस व्यवस्था को बदलने का काम किया है।
9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, एक लाख और नियुक्तियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में अब तक लगभग 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। सरकार ने 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति देने का लक्ष्य रखा है। राजस्व विभाग में पहले ही 10,836 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। अब 1,146 कनिष्ठ सहायकों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके अलावा 7,994 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी होने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
यूपी पुलिस और होमगार्ड में हजारों पदों पर भर्ती
पुलिस भर्ती को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में अब तक 2.30 लाख से ज्यादा नियुक्तियां हो चुकी हैं। 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती भी अंतिम चरण में है। सरकार की कोशिश है कि इन सभी अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएं।
राजस्व विभाग में रोवर मशीनों से होगी जमीन की पैमाइश
सीएम योगी ने बताया कि 2017 में प्रदेश में करीब 34 लाख राजस्व मामले लंबित थे। सरकार के मुताबिक, अब तक 37,81,363 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। जमीन की पैमाइश की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए रोवर तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया गया है। सरकार ने इसके लिए 445 रोवर मशीनें खरीदी हैं। इससे जमीन की नापजोख में होने वाली देरी और विवादों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
किसान दुर्घटना योजना में बटाईदारों को भी मिला अधिकार
मुख्यमंत्री ने किसान दुर्घटना कल्याण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब इसका लाभ केवल जमीन के मालिक किसानों तक सीमित नहीं है। खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों के परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है। अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को कुल 5,833 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है। बुधवार को भी 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये भेजे गए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

